जबलपुर

MP News: जबलपुर एयरपोर्ट में 2 फायर फाइटर वाहन तैनात, अत्याधुनिक तकनीक से है लैस

MP News: जबलपुर एयरपोर्ट में कार्यरत कर्मचारियों, अधिकारियों को फायर फाइटर वाहन चलाने की ट्रेनिंग दी गई, जिससे आपातकाल स्थिति में चंद मिनट में काबू पाया जा सकता है। यह वहान अत्याधुनिक तकनीक से लैस है।
डुमना एयरपोर्ट की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए आज दो मॉडर्न फायर फाइटर वाहन तैनात किए गए हैं।

हाल ही में 500 करोड़ रुपए की लागत से विस्तारित हुए डुमना एयरपोर्ट की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए आज दो मॉडर्न फायर फाइटर वाहन तैनात किए गए हैं। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में निर्मित इन वाहनों की कुल कीमत 14.88 करोड़ रुपए है। ये वाहन 85 मीटर तक की दूरी से आग बुझाने की क्षमता रखते हैं और आपात स्थिति में एयरपोर्ट पर जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।

एयरपोर्ट की सुरक्षा होगी और मजबूत

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) द्वारा लंबे समय बाद यह वाहन एयरपोर्ट को उपलब्ध कराए गए हैं। इनका उपयोग अंतरराष्ट्रीय नागर विमानन संगठन (ICAO) के मानकों के अनुसार किया जाएगा। प्रत्येक वाहन में 10,000 लीटर पानी, 1,300 लीटर फोम और 250 किलो शुष्क केमिकल पाउडर भंडारण की सुविधा है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तेजी से प्रतिक्रिया दी जा सकेगी।

हाई-टेक फायर फाइटर की विशेषताएं

  • प्रति मिनट 5000 लीटर पानी छोड़ने की क्षमता
  • फोम और केमिकल की बौछार से आग बुझाने में सक्षम
  • 39 टन भार क्षमता, 35 सेकेंड में 0 से 80 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ने की क्षमता
  • 110 किमी/घंटा की अधिकतम स्पीड
  • 6×6 व्हील ड्राइव ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन, जिससे तेजी से घटना स्थल पर पहुंच सकता है

पहले क्या था, अब क्या बदला?

अब तक डुमना एयरपोर्ट पर पुराने अग्निशमन वाहन थे, जिनकी क्षमता सीमित थी। इन नए वाहनों के आने से एयरपोर्ट की सुरक्षा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हो गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह उन्नयन एयरपोर्ट को भविष्य में इंटरनेशनल उड़ानों के लिए तैयार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

अधिकारियों और यात्रियों की राय

विमानपत्तन निदेशक राजीव रत्न पांडेय ने कहा, “ये वाहन एयरपोर्ट सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। किसी भी आपात स्थिति में ये तेजी से प्रतिक्रिया देंगे, जिससे यात्रियों और एयरक्राफ्ट की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।”

वहीं, एक यात्री अभिषेक वर्मा ने कहा, “डुमना एयरपोर्ट लगातार आधुनिक हो रहा है, जो जबलपुर और पूरे महाकौशल क्षेत्र के लिए अच्छी खबर है।”

UAE से नेफ्फको कंपनी ने किए तैयार

इन फायर फाइटर वाहनों को संयुक्त अरब अमीरात की नेशनल फायर फाइटिंग मैन्युफैक्चरिंग कंपनी (नेफ्फको) द्वारा ग्लोबल टेंडर के माध्यम से उपलब्ध कराया गया है। जबलपुर एयरपोर्ट के सभी अग्निशमन कर्मियों को इन वाहनों के संचालन का प्रशिक्षण दिया गया है।

फायर फाइटर वाहनों की तैनाती के दौरान जबलपुर एरोड्रम सलाहकार समिति के अध्यक्ष और सांसद आशीष दुबे ने जबलपुर हवाई अड्डे के आधुनिकीकरण के लिए भा.वि.प्रा. अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने कहा, “यह एयरपोर्ट को विश्वस्तरीय सुरक्षा सुविधाओं से लैस करने की दिशा में एक अहम कदम है।”

Show Comments (0)
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *