बिहार

मुंगेर रैली में अमित शाह का बयान: जब-जब मोदी का अपमान हुआ, कमल और तेजी से खिला है

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार में चुनावी जनसभाओं की एक श्रृंखला में लखीसराय, मुंगेर और नालंदा में जनता को संबोधित किया। उन्होंने मुंगेर में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के समर्थन में लोगों से वोट देने की अपील करते हुए कहा, “मुंगेर वालों, सम्राट जी को जिताइए, मोदी जी इन्हें बहुत बड़ा आदमी बनाएंगे।” शाह ने बोले कि जब-जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपमान हुआ है, देश की जनता ने और मजबूती से कमल खिलाया है।

शाह ने अपने भाषण में कांग्रेस और आरजेडी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने बिहार की आस्था, छठ मइया का अपमान किया है। “मोदी जी का अपमान करते-करते राहुल बाबा ने अब छठ मइया का भी अपमान कर दिया। बिहार की जनता इसे माफ नहीं करेगी। ये बिहार है— यहां आस्था और सम्मान की कद्र करना आता है,”। शाह ने याद दिलाया कि जब-जब विपक्ष ने मोदी जी या उनकी मां को लेकर अपशब्द कहे, तब-तब जनता ने बीजेपी को पहले से ज्यादा समर्थन दिया है।

किसी कुर्सी की वैकेंसी नहीं”

अमित शाह ने विपक्ष के पीएम और सीएम पद के दावों पर तंज कसा कि बिहार में नीतीश कुमार और दिल्ली में नरेंद्र मोदी, दोनों मजबूती से नेतृत्व कर रहे हैं। “ना बिहार में मुख्यमंत्री की कुर्सी खाली है, ना दिल्ली में प्रधानमंत्री की। लालू जी और सोनिया जी अपने बेटों को पीएम और सीएम बनाने का सपना छोड़ दें,”।

शाह ने जनता से अपील की कि वे 6 नवंबर को मतदान के दिन “कमल” और “तीर” के निशान पर बटन दबाएं और “जंगलराज को वापस आने से रोकें”। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सिर्फ उम्मीदवारों को जीताने का नहीं, बल्कि बिहार को स्थिर और विकसित बनाने का है।

राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा प्रहार

मुंगेर और लखीसराय की सभाओं में शाह ने कांग्रेस और आरजेडी के गठबंधन को “झूठ और भ्रष्टाचार का प्रतीक” बताया। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों के मैनिफेस्टो में केवल झूठे वादे हैं, जिन पर इनके कार्यकर्ता तक भरोसा नहीं करते। उन्होंने भ्रष्टाचार के पुराने मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि लालू-राबड़ी और कांग्रेस के शासन में चारा घोटाला, लैंड फॉर जॉब, होटल स्कैम और बाढ़ राहत घोटाला जैसे कई मामले सामने आए।

शाह ने राहुल गांधी की “घुसपैठिया बचाओ यात्रा” पर भी निशाना साधा कहा कि एनडीए सरकार आने पर एक-एक घुसपैठिए को देश से बाहर किया जाएगा।

अमित शाह ने धार्मिक मुद्दे को उठाते हुए कहा कि कांग्रेस और RJD ने राम मंदिर का विरोध किया था। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनवाया है और अब सीतामढ़ी में माता सीता का भव्य मंदिर बनाने की योजना है।
उन्होंने घोषणा की कि सीतामढ़ी से सीधे अयोध्या के लिए ट्रेन चलाई जाएगी।

इसके साथ ही उन्होंने मतदाताओं से 6 नवंबर को सुबह जलपान से पहले मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को यह सोचकर वोट देना चाहिए कि उनका एक-एक वोट नीतीश कुमार और मोदी के नेतृत्व में बिहार को विकसित बनाने के लिए है और जंगलराज को रोकने के लिए है।

Show Comments (0)
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *