मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज 60 साल के हो गए हैं। 25 मार्च 1965 को जन्मे डॉ मोहन यादव का जन्मदिन आज मनाया जा रहा है। सीएम हाउस में सुबह से ही मंत्री, विधायक, बीजेपी के पदाधिकारी जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे।
कुष्ठ रोगियों के बीच मनाया जन्मदिन
सीएम डॉ मोहन यादव ने भोपाल के गांधी नगर में स्थित कुष्ठ आश्रम में जाकर कुष्ठ रोगियों के बीच अपना जन्मदिन मनाया। धोती-कुर्ता पहने हुए सीएम डॉ मोहन यादव ने आश्रम में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। सीएम ने कुष्ठ रोगियों को अपने हाथों से भोजन परोसा।
सरकार हर कष्ट में साथ खड़ी
महात्मा गांधी कुष्ठ आश्रम में सीएम ने मीडिया से चर्चा में कहा, आज का दिन कई अर्थों में हम अलग प्रकार से मना रहे हैं। वैसे तो हमारी हर सांस के साथ जन्म का समय है। लेकिन, दिन और साल के हिसाब से आज मेरा जन्मदिन है। मैंने अपने मित्रों, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ में महात्मा गांधी कुष्ठ सेवा धाम में कुष्ठ बंधुओं के साथ जन्मदिन मनाया।
सीएम ने कहा, ये बीमारी परमात्मा की न जाने कौन सी लीला है। लेकिन, कष्ट से भागने के बजाय कष्ट से लड़ने के लिए ये कुष्ठ योद्धा के नाते से अपने रोजमर्रा के सारे काम निपटाते हुए अपने आप को भी बचाकर चल रहे हैं।
हमारी सरकार का भी दायित्व है कि सरकार हर कष्ट में साथ खड़ी दिखाई दे। ऐसे बंधुओं के बीच आकर एक आत्मीय सुख मिलता है। ये ऐसी लाइलाज बीमारी है। लेकिन, ये जरूरी नहीं कि भविष्य की पीढ़ी भी ऐसी हो। ऐसे कई सारे भ्रम मिटाने की जरूरत है।

गौ शाला में जन्मदिन मनाऊंगा
सीएम ने कहा, मैं आगर मालवा की गौशाला में गौमाताओं की सेवा करने जा रहा हूं। उसके बाद सुधीर भाई के आश्रम में जहां ऐसे ही आश्रित और कई प्रकार के कष्ट से ग्रस्त लोग रहते हैं। उनसे मिलूंगा और उनके बीच में जन्मदिन मनाऊंगा।
प्रदेश को विकास के पथ पर आगे ले जाना है। इसलिए हमने रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव किया है। आज मैं उज्जैन संभाग में 25 इंडस्ट्री का भूमिपूजन करने जा रहा हूं। उम्मीद करता हूं कि सभी लोगों को साथ लेकर विकास के पथ पर लगातार मप्र आगे बढ़ता रहेगा।
गौ अभयारण्य जाएंगे
सीएम भोपाल से आगर मालवा जिले के सुसनेर में स्थित सालरिया गौ अभ्यारण पहुंचेंगे। सीएम सालरिया में एक वर्षीय गौ कृपा कथा के समापन में शामिल होंगे। इसके बाद सीएम गौ प्रसादम का लोकार्पण करके विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। यहीं पर तुलादान और वृक्षारोपण कार्यक्रम भी रखा गया है।
गौ पूजन, कन्या पूजन, यज्ञ के साथ विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमि पूजन और हितलाभ वितरण का कार्यक्रम भी होगा।
सीएम हाउस में काटा केक

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने जन्मदिन के मौके पर सीएम हाउस में केक काटा। इस दौरान उन्हें डिप्टी सीएम राजेंन्द्र शुक्ल भी बधाई देने पहुंचे थे। साथ ही मुख्य सचिव अनुराग जैन, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव राजेश राजौरा, जे एन कंसोटिया सहित तमाम अधिकारी भी मौजूद रहे।

