भोपाल

कांग्रेस का अनोखा प्रतीकात्मक विरोध, कांग्रेस विधायक बंदर के वेश में पहुंचे विधानसभा

मध्य प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन (4 दिसंबर) कांग्रेस ने फसलों के मुआवज़े, बेरोज़गारी, किसानों की समस्याओं और कानून-व्यवस्था को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायक दल ने विधानसभा परिसर में सरकार के खिलाफ प्रतीकात्मक धरना दिय। जिसमें जुन्नारदेव से कांग्रेस विधायक सुनील उईके खाद संकट, फसलों के मुआवज़े और अन्य मुद्दों को लेकर ‘बंदर के वेश’ में हाथों में पोस्टर लेकर विधानसभा पहुँचे। उनके हाथ में एक उस्तरा भी दिखाई दिया, जिसे उन्होंने ‘सरकार और सिस्टम का प्रतीक’ बताया। उनके इस अनोखे प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत तमाम कांग्रेस विधायक मौजूद रहे।

मीडिया से बात करते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि ” यह “बंदर रूपी भाजपा सरकार” के खिलाफ हमारा प्रदर्शन है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोज़गारी चरम पर है—जनसेवा मित्रों से लेकर सरकारी भर्तियों तक सब कुछ ठप पड़ा है। महिलाओं की सुरक्षा गंभीर संकट में है, किसान आत्महत्या को मजबूर हैं और बढ़ते अपराधों ने कानून-व्यवस्था को चरमराकर रख दिया है।

उन्होंने अपने सोशल मीडिया लिखा कि, “प्रदेश की यह दयनीय स्थिति साफ बताती है कि बंदर के हाथ में उस्तरा दे दिया गया है। भाजपा सरकार के हाथ में उस्तरा आ गया है और वह युवाओं के रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं, कानून-व्यवस्था और किसानों के अधिकारों को बेरहमी से काट रही है।”

सदन की कार्यवाही शुरू होने पर कांग्रेस विधायकों ने खराब फसलों के मुआवज़े का मुद्दा जोरशोर से उठाया, लेकिन मंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर कांग्रेस विधायक वॉकआउट कर गए। बाहर निकलकर उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाज़ी भी की।

Show Comments (0)
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *