मध्यप्रदेश विधानसभा बजट सत्र का गुरुवार (20 मार्च) को 7वां दिन है। महिदपुर से विधायक दिनेश जैन बोस कुंभकरण के वेश में विधानसभा पहुंचे। उन्होंने रोड पर लेटकर राज्य सरकार पर किसानों के मुद्दे, बेरोजगारी और परिवहन घोटाले पर मौन धारण करने का आरोप लगाया।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और विपक्षी विधायकों ने पुंगी बजाकर उन्हें उठाने का प्रयास किया। इस प्रदर्शन पर भाजपा विधायक विश्वास सारंग ने कहा कि कांग्रेस फोटोज खिंचाने के लिए प्रदर्शन कर रही है। जनता की समस्याओं के मुद्दों पर विधानसभा में चर्चा होनी चाहिए। इसके लिए हम तैयार हैं।
विधानसभा के बजट सत्र में मंगलवार को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, किसान कल्याण और कृषि विकास विभाग, ऊर्जा, नगरीय विकास, राज्य विधान मंडल, लोक स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा, सामान्य प्रशासन, विमानन, गृह, पर्यावरण, जेल, वन, औद्योगिक नीति और निवेश प्रोत्साहन, लोकसेवा प्रबंधन, खनिज साधन, विधि और विधायी कार्य, जनसंपर्क, प्रवासी भारतीय, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, नर्मदा घाटी और आनंद विभाग पर चर्चा होनी थी।
हालांकि, बजट पर लंबी चर्चा के कारण इन विभागों पर चर्चा नहीं हो सकी। अब आज इन विभागों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही, अन्य विभागों को भी चर्चा में शामिल किया जाएगा।
नरेंद्र सिंह कुशवाह ने उठाया नयागांव में कॉलेज खोलने का मुद्दा
विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने मुख्यमंत्री द्वारा भिंड के नयागांव में कॉलेज खोलने की घोषणा का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जनता को इसका लाभ मिलना चाहिए, लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है।
इस पर मंत्री इंदर सिंह परमार ने जवाब दिया, ‘नया महाविद्यालय खोलने की कार्यवाही प्रक्रिया में है। स्थल चयन की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। हालांकि, यह कब तक पूरा हो जाएगा, इसकी समय सीमा बताना संभव नहीं है।’
विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों पर लगाया प्रश्न बदलने का आरोप
विधायक मधु भगत सिंह ने विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों पर अपना प्रश्न बदलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मैंने 2017 से 2021 तक प्रदेश में सड़क उन्नयन को दी गई मंजूरी की जानकारी मांगी थी। लेकिन इसके बदले सिर्फ परसवाड़ा विधानसभा क्षेत्र की जानकारी दे दी गई। यह गंभीर मामला है और इसकी जांच होनी चाहिए।
इस पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि विधानसभा सचिवालय को निर्देशित किया जा रहा है कि अधिकारी विधायक से मिलकर वस्तु स्थिति स्पष्ट करें। इस मामले को गंभीरता से लिया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस पर साधा निशाना
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि विधानसभा में जनता की समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हम इसके लिए हर समय तैयार हैं। सरकार खुले मन से जनता की समस्याओं पर विचार और चर्चा करना चाहती है, लेकिन कांग्रेस सिर्फ फोटो खिंचवाने और प्रदर्शन करने में लगी है। उन्हें तथ्यों के साथ बात करनी चाहिए।
सारंग ने आगे कहा, ‘कांग्रेस द्वारा हिंदू त्योहार मनाना खुशी की बात है, लेकिन यह सिर्फ तुष्टिकरण की राजनीति का हिस्सा लगता है। पहले उन्होंने न होली मनाई और न ही दीपावली, लेकिन अब गुटबाजी के कारण हर त्योहार मना रहे हैं।’
कुंभकरण बनकर लगाया सरकार पर चुप्पी साधने का आरोप
महिदपुर से कांग्रेस विधायक दिनेश जैन बोस ने कुंभकरण के गेटअप में विधानसभा पहुंचकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने सड़क पर लेटकर सरकार पर परिवहन घोटाले और बेरोजगारी के मुद्दे पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और कांग्रेस के अन्य विधायकों ने पुंगी बजाकर उन्हें उठाने की कोशिश की।
कांग्रेस के प्रदर्शन की तस्वीरें:




