मध्यप्रदेश में इंदौर शहर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर 15 फरवरी से रनवे की मरम्मत का कार्य शुरू किया जाएगा। पुरानी डामर को निकालकर नई डामर चढ़ाने समेत कई काम होंगे। काम करीब 1 साल तक चलेगा। शुरुआती डेढ़ माह रात में 6 घंटे तो 1 अप्रेल से रात में 8 घंटे एयरपोर्ट बंद रहेगा। मेंटेनेंस अवधि में फ्लाइट का संचालन नहीं हो सकेगा।
विंटर शेड्यूल में हुआ बदलाव
एयरपोर्ट का रनवे सुधार 15 फरवरी से 31 मार्च तक रात 12 से सुबह 6 बजे तक चलेगा। 1 अप्रेल से यह समय रात 10 से सुबह 6 बजे हो जाएगा। रात 12 से सुबह 6 बजे तक की फ्लाइट का समय विंटर शेड्यूल में बदला जा चुका है। मेंटनेंस जनवरी से शुरू होना था, लेकिन काम में देरी हुई। इसे समायोजित करने के लिए 1 अप्रेल से मेंटनेंस का काम रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक होगा। ऐसे में कई फ्लाइट का समय बदला जाएगा। एयरपोर्ट प्रबंधन ने सभी एयरलाइंस को इसकी जानकारी दे दी है।
शारजाह, मुंबई फ्लाइट का समय बदलेगा
रात 10.30 बजे से रात 12 के बीच इंडिगो की मुंबई फ्लाइट इंदौर आती है तो एयर इंडिया की शारजाह फ्लाइट रवाना होती है। इन दोनों फ्लाइट का समय 1 अप्रेल से बदल जाएगा। इसके पहले 12 बजे से सुबह 6 बजे तक की करीब 7 फ्लाइट का समय बदला गया था। 2754 मीटर लंबे रनवे की मरम्मत के लिए 25 करोड़ रुपए का टेंडर एयरपोर्ट प्रबंधन ने जारी किया था।
इंदौर एयरपोर्ट जल्द ही शुरू करेगा इंटरनेशनल उड़ान सेवा
इधर, शहर से डोमेस्टिक हवाई सेवाओं के विस्तार और इंटरनेशनल उड़ान जल्द ही नियमित करने के लिए नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने आश्वस्त किया है। उन्होंने कहा कि टर्मिनल निर्माण के लिए चल रहे काम भी तेजी से पूरे किए जाएंगे और इसके लिए बजट में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
गुरुवार को सांसद शंकर लालवानी ने मंत्री नायडू से इंदौर एयरपोर्ट विकास प्रोजेक्ट की मांग को लेकर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मंत्री को इंदौर के वर्तमान विकास कार्यों और शहर की प्रगति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंदौर तेजी से बढ़ता शहर है, जहां आईटी, स्टार्टअप और औद्योगिक विस्तार तेजी से हो रहा है। इसलिए यहां नियमित इंटरनेशनल उड़ान की जरूरत महसूस की जा रही है।