लखनऊ/ललितपुर। उत्तर प्रदेश सरकार ने देर रात एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल का ऐलान किया, जिसमें 46 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया। इस कड़ी में ललितपुर के जिलाधिकारी अमनदीप डुली का नाम भी शामिल रहा, जिन्हें अब अपर आयुक्त, मनरेगा के पद पर लखनऊ में नियुक्त किया गया है।

डुली की जगह सत्य प्रकाश होंगे ललितपुर के नए डीएम
झांसी नगर निगम के नगर आयुक्त सत्य प्रकाश को अब ललितपुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। अमनदीप डुली इससे पहले कृषि उत्पादन और विपणन विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात थे, उसके बाद अगस्त 2025 में उन्हें ललितपुर का डीएम बनाया गया था।
2015 बैच के IAS अधिकारी हैं अमनदीप डुली
अमनदीप डुली 2015 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है, जिनमें बलरामपुर के मुख्य विकास अधिकारी और नोएडा के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (ACEO) के पद भी शामिल हैं।

दीवाली पर रहे चर्चा में
हाल ही में दीवाली के मौके पर अमनदीप डुली एक वीडियो को लेकर खूब चर्चा में रहे थे। उन्होंने दीवाली की शुभकामना देने के लिए एक वीडियो शेयर किया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और उन्हें अनावश्यक ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था।
मनरेगा में नई जिम्मेदारी
अब अपर आयुक्त, मनरेगा के रूप में डुली की जिम्मेदारी महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना होगी। यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है।
सत्य प्रकाश का प्रशासनिक अनुभव
नए डीएम सत्य प्रकाश 2016 बैच के आईएएस अधिकारी हैं, जिन्हें झांसी में नगर आयुक्त और झांसी स्मार्ट सिटी के सीईओ के रूप में उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए पीएम स्वर्णिधि पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने शहरी विकास और आवास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
देखें लिस्ट…





