fbpx
जुर्मटॉप ट्रेंडिंग न्यूज़देश

बंगाल के कंगारू कोर्ट में महिलाओं की पिटाई से TMC पर आरोप ,महिलाओं को निर्वस्त्र किया, लाठी-डंडों से पीटा

स्थान : पश्चिम बंगाल का जिला कूचबिहार। तारीख: 27 जून, 2024

कुछ लोग एक महिला के घर के बाहर इकट्ठा हैं। इनमें से दो लोग घर में घुसे और महिला को घसीट कर सड़क पर ले आए। फिर इन लोगों ने मारपीट के दौरान महिला के कपड़े भी फाड़ दिए। इनका मन इतने से भी नहीं भरा तो उसे इसी हालत में पानी में डुबोकर मारने की कोशिश की गई। महिला बेहोश हो गई।

स्थान : पश्चिम बंगाल का जिला नॉर्थ दिनाजपुर। तारीख: 28 जून, 2024

एक महिला और उसका साथी सड़क पर बैठे हैं, लोग उन्हें चारों तरफ से घेरे हुए हैं। तभी एक तंदरुस्त सा दिखने वाला आदमी हाथ में तीन-चार लकड़ी की छड़ी लिए आता है। आते ही महिला को इन छड़ियों से जोर-जोर से पीटने लगता है। महिला दर्द से कराह उठती है, सड़क पर ही लेटकर तड़पने लगती है। ये शख्स महिला के साथी की तरफ बढ़ता है और उसे भी पीटने लगता है।

इन दोनों वीडियो में कुछ लोग इकट्ठा होकर किसी महिला को पीट रहे हैं, हालाँकि एक और बात इन दोनों घटनाओं में एक जैसी है। ये दोनों वीडियो पश्चिम बंगाल में कथित तौर पर चल रहे TMC के कंगारू कोर्ट के हैं। पीटने वाले लोग भी TMC के लोकल लीडर बताए जा रहे हैं। पहली महिला को प्रेमी के साथ चले जाने की सजा दी गई, जबकि दूसरी महिला को TMC में न शामिल होने की सजा दी जा रही थी।

हालांकि, ये महज एक-दो किस्से नहीं है। एक महीने में ऐसे कई वीडियो सामने आ चुके हैं। आरोप है कि यहां TMC के लीडर या उनके करीबी अदालत चला रहे और फैसले सुना रहे हैं।

पश्चिम बंगाल में ये कंगारु कोर्ट क्या है, ये कैसे काम करती है? तमाम सवालों के जवाब जानने के लिए विक्टिम की फैमिलीज, पुलिस, पॉलिटिकल लीडर्स और एक्सपर्ट्स से बात की।

1 जुलाई, नॉर्थ 24 परगना
TMC के लोकल लीडर ने लगाई अदालत, फिर मां-बेटे को घर के सामने पीटानॉर्थ 24 परगना के कमरहटी जिले के अरिदाहा का एक 3 साल पुराना वीडियो 8 जुलाई को सामने आया।चार लोगों ने मिलकर एक युवक के हाथ-पैर पकड़ रखे हैं। वहीं, दो लोग उसे डंडों से मारते नजर आ रहे हैं। इस दौरान युवक चीखता है, लेकिन आरोपी मारना बंद नहीं करते। TMC के लोकल लीडर जयंत सिंह और उसके सहयोगियों पर पिटाई का आरोप है।

वीडियो की पड़़ताल करने पर पता चला कि इसकी पिटाई कथित कंगारू कोर्ट के फैसले के तहत की गई। इसके बाद पीड़ित परिवार से मिलने हम अरिदाहा पहुंचे। परिवार से मुलाकात तो नहीं हो सकी।

यहां आकर पता चला कि आरोपी जयंत सिंह का इलाके में काफी दबदबा है। 1 जुलाई को उसने अपने साथियों के साथ मिलकार यहां रहने वाले सायंतन पाजा और उसकी मां को बेरहमी से पीटा था। ये पिटाई भी सजा के तौर पर की गई थी।

इसके बाद टीम सायंतन पाजा के घर पहुंची। घर के बाहर उसकी मां के लिए न्याय की मांग के पोस्टर लगे मिले। पोस्टर पर लिखा है, ‘महिलाओं पर अत्याचार करने वालों के खिलाफ सब लोग साथ आओ।’ सायंतन की मां बेड पर लेटी हुई थीं। उनके सिर, हाथ और पैर पर पट्टियां बंधी थीं। वो बात करने की स्थिति में नहीं थीं।
यहां टीम मुलाकात सायंतन के पिता से हुई। जयंत और उसके सहयोगियों के खौफ के चलते उन्होंने कैमरा पर बात करने से मना कर दिया। सायंतन के पिता कहते हैं, ‘हमने ऐसा कुछ नहीं किया, जिसके लिए मेरे परिवार पर जानलेवा हमला किया जाए। मेरे बेटे सायंतन का अपने दोस्त प्रीतम काहा के साथ झगड़ा हो गया था। इसके बाद दोनों के बीच हल्की हाथापाई हुई।’

इसके बाद प्रीतम अपनी फरियाद लेकर जयंत सिंह के पास पहुंच गया। जयंत ने फैसला कराने के लिए कंगारू कोर्ट लगाई, लेकिन सायंतन उसमें नहीं गया। कोर्ट में उसकी पिटाई करने का फैसला किया गया और जयंत अपने लोगों के साथ उसे मारने घर पहुंच आया। सायंतन जैसे ही घर से बाहर निकला, लड़कों ने उसे पीटना शुरू कर दिया।

सायंतन की मां उसे बचाने के लिए बाहर निकली तो लड़कों ने बोला, ‘तुम्हारे बेटे को सबक सिखाने का फैसला हुआ है। तुम दूर रहो।’ वो जैसे ही आगे बढ़ी, लड़कों ने उसे भी खींचकर मारना शुरू कर दिया। उसका मुंह तोड़ दिया। सायंतन को भी बुरी तरह पीटा गया। डॉक्टर ने उसे तीन महीने का बेड रेस्ट बताया है।’

सायंतन के पिता आगे बताते हैं, ‘जयंत तो जेल में है, लेकिन रोज उसके साथी घर आकर हमें धमकाते हैं। उसकी हरकतों से पूरा मोहल्ला परेशान है। कोई उसके खिलाफ डर से कुछ नहीं बोल सकता है।’ घटना के बाद इलाके के लोगों ने मिलकर जयंत के खिलाफ बेलघरिया पुलिस स्टेशन में FIR भी दर्ज कराई। घटना के दो दिन बाद पुलिस ने जयंत को गिरफ्तार कर लिया था।

BJP की महिला नेता को निर्वस्त्र कर पीटा गया
27 जून, कूच बिहार
BJP ने TMC पर आरोप लगाया था कि कूच बिहार जिले में पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की महिला पदाधिकारी रोशोनारा खातून को घर से खींचकर सड़क पर घसीटा गया और निर्वस्त्र कर पीटा गया। TMC के गुंडों ने गोखसदांगा में उनकी पिटाई की और सार्वजनिक रूप से उनके कपड़े फाड़ दिए।

बदसलूकी का शिकार हुई BJP नेता को एमजेएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। खातून ने बताया- ‘TMC के नेताओं ने उन्हें निर्वस्त्र कर दिया और पानी में डुबाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि अगर TMC में नहीं शामिल हुई तो और टॉर्चर किया जाएगा। मैं बेहोश हुई तो छोड़ दिया गया। अब पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई नहीं कर रही।’

एक्सपर्ट: गांव-पंचायतों में अब भी लगती है कंगारू कोर्ट
पश्चिम बंगाल में कंगारू कोर्ट का इतिहास बहुत पुराना है। इसे लोकल भाषा में सालिसी सभा भी कहा जाता है। पश्चिम बंगाल के गांव और पंचायतों में ये CPI(M) के दौर से लगाई जा रही हैं।

सीनियर जर्नलिस्ट प्रभाकर मणि तिवारी कंगारू कोर्ट के बारे में बताते हुए कहते हैं, ‘पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में लोकल स्तर पर ऐसी कई अदालतें लगती हैं। इसमें पंचायत सदस्य, सत्तापक्ष के लोग और लोकल दबदबा रहने वाले गुंडे-बदमाश फैसला सुनाते हैं। गांव के लोग गवाह बनते हैं। मुद्दा कोई भी हो सकता है।’
TMC विधायक का करीबी है जयंत

जयंत सिंह, कमरहटी से TMC विधायक मदन मित्रा का करीबी बताया जाता है। शुरुआत में वसूली और लोगों को इसके लिए धमकाने का काम किया करता था। राजनीति से जुड़ने के बाद अरिदाहा में उसने अपना दबदबा बना लिया।

जयंत सिंह के लिए कहा जाता है कि वो TMC के हाथों तैयार किया गया गुंडा है। वो अपने सहयोगियों के साथ मिलकर लोगों को मारता-पीटता और धमकाता है। जयंत कई बार जेल जा चुका है, लेकिन हर बार कुछ हफ्तों में बाहर आ जाता है।

28 जून, नॉर्थ दिनाजपुर
पहले 10 हजार का जुर्माना लगाया, फिर सड़क पर महिला को सरेआम पीटा
नॉर्थ दिनाजपुर के चोपड़ा इलाके का एक वीडियो सामने आया, जिसमें दो लोग एक लड़की और उसके साथी को सड़क पर छड़ी से पीटते नजर आ रहे हैं। लड़की को बार-बार पीटा गया। वो दर्द से चिल्लाती रही, लेकिन उसे पीटना नहीं छोड़ा। लड़की के बाल खींचकर कई बार उसे लातें भी मारी गईं। इसके बाद वो उसके साथी को पीटने लगे।

इस दौरान भीड़ तमाशा देखती रही। कोई भी उन्हें बचाने के लिए आगे नहीं आया। लड़की पहले से शादीशुदा है, लेकिन वो अपने प्रेमी के साथ चली गई थी। तलाक लेकर वो प्रेमी के साथ रहना चाहती थी, इसलिए गांव लौटी थी।

आरोप है कि TMC विधायक हमीदुर रहमान के करीबी ताजीमुल ने इसे लेकर कंगारू कोर्ट लगाई। यहां दोनों पर पहले 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। रकम न देने पर दोनों को जमकर पीटा गया। हालांकि, पुलिस ने महिला से मारपीट करने वाले ताजीमुल हक उर्फ JCB को गिरफ्तार कर लिया है।

BJP: TMC का मतलब है तालिबानी मानसिकता
BJP प्रवक्ता शहजाद पूनावाला TMC और ममता सरकार को घेरते हुए कहते हैं, ‘TMC का मतलब तालिबानी मानसिकता और संस्कृति है। बंगाल की सड़कों पर तालिबानी अंदाज में कंगारू कोर्ट चल रही है, जिसके वीडियो देखकर पूरा देश सदमे में है।’

TMC बोली: BJP का पंचायत को कंगारू कोर्ट बोलना सही नहीं
हालांकि, TMC इसे BJP की साजिश बता रही है। पार्टी प्रवक्ता तौसीफ रहमान कहते हैं, ‘TMC ने हमेशा ऐसी घटनाओं पर एक्शन लिया है। हमने इन मामलों में भी शामिल नेताओं को पार्टी से सस्पेंड कर दिया है। आरोपी जयंत सिंह भी जेल में हैं। पार्टी में कुछ ऐसे लोग हैं, जो गलत काम कर रहे हैं, लेकिन हम ऐसी घटनाओं को सही नहीं मानते।’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page

देखिये! NIRF Ranking 2024 के टॉप 10 यूनिवर्सिटीज देखिये पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत का सफर जानें बजट 2024 में बिहार के हिस्से में क्या-क्या आया जानिए मोदी 3.0 के पहले बजट की 10 बड़ी बातें राजस्थान BSTC PRE DELED का रिजल्ट हुआ ज़ारी ऐसा क्या हुआ कि राज्यसभा में घटी बीजेपी की ताकत, देखिये प्रधानमंत्री मोदी के हुए X (Twitter ) पर 100 मिलियन फॉलोवर्स आखिर कौन है IAS पूजा खेड़कर, जानिए इनसे जुड़े विवादों का पूरा सच Derrick White replaces Kawhi Leonard on US Olympic roster