मध्यप्रदेश के श्रद्धालुओं से भरी बस गुजरात के डांग जिले में खाई में गिर गई। हादसा रविवार सुबह करीब 4 बजे सापुतारा घाट इलाके में हुआ। इसमें विदिशा निवासी बस ड्राइवर और शिवपुरी के 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। ये इंदार थाना इलाके के रामगढ़ और बिजरौनी गांव के रहने वाले थे।
35 यात्री घायल हैं। इनमें से 16 की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें डांग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक यात्री को सूरत रेफर किया गया है।
बस महाराष्ट्र के त्र्यंबकेश्वर से 48 तीर्थयात्रियों को लेकर गुजरात के द्वारका जा रही थी। सापुतारा से करीब ढाई किलोमीटर दूर घाट पर यह अचानक अनियंत्रित हो गई। स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को बस से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में इनकी गई जान
- ड्राइवर रतन लाल जाटव, निवासी सिरोंज, विदिशा
- भोलाराम कुशवाह, निवासी रामगढ़, शिवपुरी
- गुड्डी राजेश यादव, निवासी रामगढ़, शिवपुरी
- कमलेश वीरपाल यादव, निवासी रामगढ़, शिवपुरी
- बृजेंद्र उर्फ पप्पू यादव, निवासी बिजरौनी, शिवपुरी
23 दिसंबर को निकले थे श्रद्धालु

जानकारी के अनुसार, शिवपुरी, गुना और अशोकनगर जिलों से श्रद्धालुओं का दल 23 दिसंबर को धार्मिक यात्रा पर निकला था। ये लोग उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात के अलग-अलग तीर्थ स्थलों की यात्रा कर रहे थे। कुल चार बसों में से एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
अधिकारी बोले- ब्रेक फेल होने से हादसा डांग कलेक्टर महेश पटेल ने कहा, ‘यात्रियों ने बताया कि बस सापुतारा में रुकी थी, जहां चाय और नाश्ता किया गया। इसके बाद यात्रा दोबारा शुरू हुई। ऐसा लगता है कि ब्रेक फेल होने के कारण ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया।’
यह भी पढ़े : पन्ना में जेके सीमेंट फैक्ट्री में हुआ बड़ा हादसा, 4 की मौत; 15 अन्य घायल

