भोपाल

MP News: अंगदान पर मिलेगा राजकीय सम्मान, मुख्यमंत्री मोहन यादव का ऐलान

MP News: एमपी के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बड़ी घोषणा की है। मध्य प्रदेश में अंगदान करने पर उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ होगा। इसके साथ ही उनके परिवार के 16 अगस्त और 26 जनवरी को सम्मानित किया जाएगा। सरकार की तरफ देहदान के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।
अंगदान करने वालों को मिलेगा राजकीय सम्मान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को एम्स भोपाल में 16 दिन पहले हृदय प्रत्यारोपण (हार्ट ट्रांसप्लांट) करवाने वाले मरीज दिनेश मालवीय से मुलाकात की। उन्होंने मरीज के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और कहा कि यह सफल ट्रांसप्लांट अंगदान के महत्व को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार अंगदान और देहदान को प्रोत्साहित करने के लिए नई योजनाएं लागू करेगी।

अंगदान करने वालों को मिलेगा राजकीय सम्मान

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंगदान करने वाले व्यक्तियों को राजकीय सम्मान दिया जाएगा। इसके तहत, मृतक के परिवार की सहमति से उनके पार्थिव शरीर को उचित चिकित्सा संस्थानों तक पहुंचाया जाएगा और अंतिम संस्कार के समय राजकीय सम्मान दिया जाएगा। इसके अलावा, यदि अंगदान करने वालों के पास ‘आयुष्मान कार्ड’ नहीं है, तो सरकार इसे बनवाने में मदद करेगी। राष्ट्रीय पर्वों पर ऐसे लोगों को सम्मानित करने का भी प्रयास किया जाएगा।

प्रदेश में स्थापित होगा अंग प्रत्यारोपण संस्थान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अंग प्रत्यारोपण को बढ़ावा देने के लिए एक राज्य स्तरीय संस्थान स्थापित किया जाएगा, जिससे मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। साथ ही, प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में अंगदान और प्रत्यारोपण की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मरीजों के शीघ्र इलाज के लिए एयर एम्बुलेंस और हेलिकॉप्टर सेवाओं का विस्तार करेगी, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।

एम्स भोपाल के डॉक्टरों को बधाई, जनता से की अपील

मुख्यमंत्री ने एम्स भोपाल के डॉक्टरों और चिकित्सा विशेषज्ञों को हृदय प्रत्यारोपण की इस सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने जनता से अपील की कि अधिक से अधिक लोग अंगदान और देहदान के लिए आगे आएं, ताकि जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सके और चिकित्सा विज्ञान को मजबूती मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में जनजागरूकता अभियान भी चलाएगी।

Show Comments (0)
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *