जैसे-जैसे ठंड का मौसम बढ़ता है, वैसे-वैसे शरीर को गर्म रखने और बीमारियों से बचाव की ज़रूरत भी बढ़ जाती है। इस मौसम में सही खान-पान न केवल शरीर को ऊर्जा देता है बल्कि रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी मजबूत बनाता है। आयुर्वेद और आधुनिक पोषण विज्ञान दोनों ही मानते हैं कि सर्दियों में कुछ खास खाद्य पदार्थों का सेवन शरीर को अंदर से गर्म रखता है और ठंड से होने वाली बीमारियों से बचाव करता है।

तिल और गुड़ – सर्दी के सबसे अच्छे साथी
सर्दियों में तिल (सफेद और काले) और गुड़ का सेवन बेहद फायदेमंद माना गया है। तिल में मौजूद फैटी एसिड, कैल्शियम, आयरन और मैग्नीशियम शरीर को गर्माहट देते हैं। वहीं, गुड़ एनर्जी का प्राकृतिक स्रोत है जो रक्त में हीमोग्लोबिन बढ़ाने और पाचन सुधारने में मदद करता है। तिल-गुड़ के लड्डू, चिक्की या पट्टी सर्दियों के लिए परफेक्ट स्नैक हैं।
अदरक – ठंड भगाने का प्राकृतिक उपाय
अदरक की तासीर गर्म होती है। यह शरीर को अंदर से गर्म रखने के साथ-साथ सर्दी, खांसी और गले की खराश में राहत देता है। अदरक वाली चाय या भोजन में अदरक का इस्तेमाल सर्द मौसम में बेहद उपयोगी साबित होता है।
अंडे और मछली – प्रोटीन और विटामिन का खज़ाना
सर्दियों में शरीर को मजबूत बनाने के लिए अंडे और मछली का सेवन किया जा सकता है। ये प्रोटीन के बेहतरीन स्रोत हैं और इनमें पाया जाने वाला विटामिन B12 शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करता है। नियमित सेवन से मांसपेशियाँ मज़बूत रहती हैं और ऊर्जा बनी रहती है।

शहद और गर्म पानी – सुबह की सेहतमंद शुरुआत
सुबह खाली पेट गर्म पानी में शहद मिलाकर पीना शरीर को अंदर से साफ करता है और मेटाबॉलिज्म को दुरुस्त रखता है। यह शरीर को डिटॉक्स करता है और वजन नियंत्रण में भी सहायक है।
मसालेदार और पौष्टिक भोजन
सर्दियों में हल्का-फुल्का मसालेदार और पौष्टिक खाना शरीर को गर्म रखने में मदद करता है। मसालों में मौजूद तत्व जैसे हल्दी, दालचीनी, लौंग और काली मिर्च एंटी-बैक्टीरियल होते हैं और पाचन तंत्र को दुरुस्त रखते हैं।

ठंड के मौसम में मार्केट से क्या खरीदें
तिल के उत्पाद – तिल के लड्डू, तिल की चिक्की, तिल के बीज
गुड़ – गन्ने का गुड़, पट्टी गुड़
शहद – शुद्ध और ऑर्गेनिक शहद
अदरक और हल्दी – ताज़े मसाले
अंडे और ताज़ी मछली – प्रोटीन का स्रोत
दालें और मूंगफली – ऊर्जा और गर्माहट के लिए

क्या नहीं खाना चाहिए?
ठंडी और तली-भुनी चीजें जैसे पकोड़े, समोसे ज्यादा न खाएं क्योंकि ये पेट पर जोर डालती हैं और स्वास्थ्य बिगाड़ सकती हैं।
बहुत ज्यादा मीठा और जंक फूड भी नुकसान पहुंचा सकता है, इससे वजन बढ़ता है और शरीर ठंडा महसूस करता है।
ठंडी चीजें और ज्यादा जूस पिने से बचें क्योंकि ये शरीर को ठंडा करती हैं।
ठंड के मौसम में अगर खान-पान पर थोड़ा ध्यान दिया जाए, तो सर्दी-खांसी जैसी बीमारियों से आसानी से बचा जा सकता है। तिल, गुड़, अदरक, शहद और पौष्टिक भोजन शरीर को अंदर से गर्म रखकर रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं। इस मौसम में यह न सिर्फ स्वाद बढ़ाते हैं बल्कि शरीर को भी सेहतमंद बनाते हैं।

