ग्वालियर में शिवाय गुप्ता किडनैपिंग केस में पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस द्वारा शिवाय के किडनैपर्स का शॉर्ट एनकाउंटर कर पकड़ लिया गया है। पुलिस द्वारा शॉर्ट एनकाउंटर किए जाने पर आरोपी राहुल गुर्जर और बंटी उर्फ़ लल्ला गुर्जर को हिरासत में ले लिया गया है। देर रात पुलिस की दोनों आरोपियों के साथ मुठभेड़ हुई थी।
बताया जा रहा है कि, आरोपियों को पुलिस द्वारा मुरैना के माता बसैया थाना क्षेत्र में कुतवार बांध पर बने पुल पर पकड़ा गया। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फयरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। इसके बाद मुरैना पुलिस द्वारा आरोपियों को अस्पताल में भर्ती किया गया।
अपहरण के तार शिवाय के मामा अरुण गोयल के बेटे माधव के अपहरण के प्रयास के जुड़े बताए गए हैं। माधव को भी बदमाशों ने ठीक इसी तर्ज पर अगवा करने की कोशिश की थी। शिवाय का परिवार तो कुछ बोलने की हालत में नहीं है लेकिन पुलिस दोनों थ्योरी के आधार पर जांच कर रही है। उधर अपहरणकर्ताओं की पहचान के लिए शिवाय के घर के पास लगे सीसीटीवी के फुटेज से पता चला है कि दोनों अपहरणकर्ता करीब 8 दिन से पहचान छिपाकर रैकी कर रहे थे।
दोनों किडनैपर जानते थे, काजीबसई में न पहचान होगी न पुलिस मिलेगी
13 फरवरी की सुबह 8 बजे सीपी कॉलोनी निवासी शिवाय गुप्ता को अगवा करने वाले दोनों बदमाशों अंडरग्राउंड हैं। दोनों बदमाश शिवाय को सीपी कॉलोनी से अगवा कर मुरैना में ले जाते तो दिखे हैं लेकिन जिस ठिकाने पर शिवाय को काजीबसई में जिस जगह पर छोड़ा था वहां कोई कैमरा नहीं है। पुलिस की नजर में दोनों बदमाश मुरैना के हो सकते हैं। इसलिए उन्हें पता था कि काजीबसई गांव में पुलिस नहीं मिलेगी।
रडार पर लाल बाइक कंबल ओड़कर रैकी
अपहरणकर्ता 4 फरवरी से शिवाय को अगवा करने की फिराक में थे। राहुल गुप्ता के घर सीपी कॉलोनी में लगे सीसीटीवी के फुटेज से खुलासा हुआ है। इनमें यही दोनोंं बदमाश कुछ दिन पहले तक काले रंग की बाइक से घूमते। शिवाय को दोनों बदमाश लाल रंग की बाइक से अगवा कर ले गए थे। इसलिए मुरैना के गांवों में लाल रंग की बाइक रडार पर है। ऐसे लोगों को तलाशा जा रहा है जिनके पास लाल बाइक है।
क्या है पूरा मामला
ग्वालियर में 7 साल के बच्चे के अपहरण से सनसनी फैल गई। शकर-गुड़ कारोबारी राहुल गुप्ता के सात साल के बेटे शिवाय गुप्ता का अपहरण हुआ। घटना मुरार थाना इलाके की है। बच्चे शिवाय को उसकी मां घर से स्कूल वैन तक छोड़ने जा रही थी। इस दौरान घर के बाहर आए बाइक सवार दो बदमाशों ने मां की आंखों में मिर्ची झांकी और बच्चे शिवाय को छीन कर भाग निकले। अपहरण की यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस द्वारा की गई पड़ताल में सामने आया है कि, राहुल और बंटी का शिवाय के मामा अरुण गोयल से विवाद था। अरुण गोयल के राहुल और बंटी व्यापारिक संबंध थे। दो किलो सोना गिरवी रखने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इसके बाद राहुल गुर्जर ने अरुण को सबक सिखाने के लिए किडनैपिंग की योजना बनाई थी। शिवाय के बदले दोनों आरोपी एक करोड़ रुपए फिरौती मांगने वाले थे।
बदमाशों के पास से लाल रंग की अपाचे बरामद हुई है। इसी बाइक पर बैठकर बदमाश आए थे और शिवाय को किडनैप किया था। गनीमत रही कि, शिवाय गुप्ता सही सलामत ग्रामीणों को मिल गया और उन्होंने उसे पुलिस को सौंप दिया। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। हो सकता है कि, पूछताछ में और भी बातें सामने आएं।

