मध्यप्रदेश

MP Weather Update: मध्यप्रदेश मे फिर बदला मौसम का मिजाज, पहाड़ों की बर्फबारी ने बढ़ाई सर्दी

हवा की रफ्तार बढ़ने से दिन के तापमान में गिरावट हुई

 पिछले 48 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के मौसम में भारी परिवर्तन देखने को मिला है। पहाड़ी राज्यों में हुई बर्फबारी का सीधा असर मैदानी इलाकों में दिखाई दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है, जिसका प्रभाव एमपी के तापमान पर पड़ा है।

भोपाल में तापमान में गिरावट

मंगलवार और बुधवार की रात भोपाल में रात का तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। शहर में सर्द हवाओं का दौर जारी रहा, जिसके कारण दिन के अधिकतम तापमान में भी 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, अगले 48 घंटे के बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी की संभावना है।

पहाड़ों की बर्फबारी का असर

मौसम वैज्ञानिक वीरेंद्र सिंह यादव के अनुसार, उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव आया है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर उत्तरी मैदानी इलाकों में देखा गया है। इन इलाकों में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

बुधवार को हवा का रुख उत्तर-पश्चिमी रहा, जबकि रात में यह उत्तरी हो गया। पहाड़ों और उत्तर के मैदानी इलाकों से आई ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है। अगले दो दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है, जिसके कारण रात में ठंडक और बढ़ सकती है। इसके अलावा, 9 मार्च से एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है।

प्रमुख शहरों का तापमान

जबलपुर में 11.4 डिग्री, उज्जैन में 13 डिग्री, इंदौर में 13.2 डिग्री और ग्वालियर में 14.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

सबसे कम तापमान वाले शहरों में शाजापुर जिले का गिरवर शहर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा, राजगढ़ में 8 डिग्री, आंवरी (अशोकनगर) में 8.2 डिग्री, मरूखेड़ा (नीमच) में 9.1 डिग्री और तालुन (बड़वानी) में 9.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

अगले दो दिनों का मौसम

5 मार्च को भोपाल में आसमान साफ रहेगा, लेकिन हवा के कारण दिन का तापमान 28 डिग्री तक पहुंच सकता है। इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर में भी ऐसा ही मौसम रहेगा। वहीं, 6 मार्च के दिन भी दिन और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

भोपाल में शीतलहर जैसे हालात

पहाड़ों में हुई बर्फबारी के कारण भोपाल समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अचानक ठंड बढ़ गई है। भोपाल में 36 किमी/घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलीं।

न्यूनतम तापमान 8 डिग्री गिरकर 10.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री कम है। बुधवार को दिन का तापमान 26.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो मंगलवार के मुकाबले 4.1 डिग्री कम है।

पिछले 15 वर्षों में यह चौथी बार है जब मार्च के पहले हफ्ते में राजगढ़, गुना और भोपाल में शीतलहर जैसे हालात बने हैं।

भोपाल में 18 दिन बाद न्यूनतम तापमान 11 डिग्री से नीचे आया। इससे पहले 15 फरवरी को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री से कम दर्ज किया गया था।

Show Comments (0)
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *