उज्जैन में 30 मार्च को गुड़ी पड़वा के अवसर पर मध्य प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित विक्रमोत्सव के शुभारंभ दिवस पर शाम को आसमान में हजारों ड्रोन उड़कर भगवान शिव की विभिन्न आकृतियां बनाएंगे। इस प्रकार का ड्रोन शो मध्य प्रदेश में पहली बार आयोजित किया जा रहा है।
30 मार्च को वर्ष प्रतिपदा, उज्जयिनी गौरव दिवस और सृष्टि आरंभ दिवस के अवसर पर महाकाल नगरी में एक साथ ड्रोन उड़ाए जाएंगे। आसमान में भगवान शिव की आकृति और उनसे जुड़े प्रतीक चिह्न रंगारंग रूप में दिखाई देंगे।
शहर के लोगों के लिए यह अनुभव पहली बार होगा। उज्जैन से शुरू होने वाले 125 दिनों के विक्रमोत्सव के शुभारंभ समारोह में संस्कृति विभाग के अंतर्गत महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ द्वारा यह आयोजन किया जाएगा।
करीब 1500 ड्रोन आसमान में उड़ाए जाएंगे

ड्रोन शो में करीब 1500 ड्रोन आसमान में उड़ाए जाएंगे, जिन्हें एक साथ एनिमेटेड रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। ड्रोन को कंप्यूटर प्रोग्राम के माध्यम से नियंत्रित किया जाएगा। यह शो रात में आयोजित किया जाएगा, और इसे दशहरा मैदान या किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर किया जा सकता है। ड्रोन शो को भगवान शिव के भजनों के साथ सिंक्रोनाइज़ भी किया जाएगा।
विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी ने बताया कि महाशिवरात्रि पर देशभर से श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन के लिए आते हैं, जिससे प्रशासनिक व्यस्तताएं बनी रहती हैं। इसी कारण ड्रोन शो गुड़ी पड़वा, 30 मार्च को आयोजित किया जाएगा। शो से पहले आयोजन टीम के साथ बैठक होगी, जिसमें स्थान निर्धारित किया जाएगा। विक्रमोत्सव के अंतर्गत यह भव्य ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा।

