भारत की जीत के लिए हुई महाकालेश्वर मंदिर में पूजा : क्रिकेट विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया से खिताबी भिड़ंत
क्रिकेट विश्व कप के फाइनल मुकाबले में भारत की जीत के लिए उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में विशेष पूजा की गई। भस्म आरती के बाद पुजारियों ने मंत्र पढ़कर बाबा महाकाल से भारतीय क्रिकेट टीम की जीत का आशीर्वाद मांगा। MP के शहरों और कस्बों में सार्वजनिक जगहों पर बड़े परदे लगाकर मैच देखने के इंतजाम किए गए हैं। टीम की जीत के लिए प्रार्थनाएं की जा रही हैं।
वनडे वर्ल्ड कप 2023 का सबसे बड़ा मुकाबला यानी फाइनल आज मेजबान भारत और पांच बार की विश्व विजेता ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा। मैच दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट मैदान अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दोपहर 2:00 बजे से शुरू होगा।
भगवान से भारत की जीत के लिए प्रार्थना
महाकाल मंदिर के पुजारी महेश शर्मा ने कहा, ‘भारत विश्व गुरु रहा है। भारत में इतनी कलाएं थीं कि मंत्रों के द्वारा ही सारे कार्य कर दिए जाते थे। भारत की जीत के लिए भगवान से प्रार्थना की है। भारत की उन्नति सदा बनी रहे, ओलिंपिक में गोल्ड मेडल आए, खेल और हर क्षेत्र में भारत विश्व गुरु बने, यही प्रार्थना और कामना की है।’
महाकाल का सूखे मेवों से राजा स्वरूप में श्रृंगार
श्री महाकालेश्वर मंदिर में रविवार को भस्म आरती के लिए तड़के 4 बजे मंदिर के पट खुले। जलाभिषेक के बाद दूध, दही, घी, शक्कर और फलों के रस से बने पंचामृत से पूजन किया गया। प्रथम घंटाल बजाकर हरि ओम का जल अर्पित किया गया। कपूर आरती के बाद भगवान के मस्तक पर रजत का त्रिनेत्र, त्रिपुंड और सर्प अर्पित कर श्रृंगार किया गया। भांग, चंदन, सूखे मेवों और फूलों से राजा स्वरूप में सजाया गया।