प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को मुरैना पहुंचे। वह दोपहर करीब 12:45 बजे पांचवी बटालियन स्थित हेलीपैड पर आए, यहां कृषि मंत्री एदल सिंह का कंसाना, मुरैना जिले के प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा सहित स्थानीय नेताओं ने उनका स्वागत किया।
इसके बाद वह कार से सीधे मुरैना शहर के बैरियर चौराहे पर पहुंचे, यहां उन्हाेंने पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर भी माैजूद रहे।
चंबल नदी में छोड़े 10 घड़ियाल
इस दौरान उन्होंने आम सभा को संबोधित किया। सभा के बाद सीएम हेलीपैड की ओर रवाना हुए। यहां से वह सीधा राजघाट पहुंचे। इस दौरान उन्होंने 10 घड़ियालों को चंबल नदी में छोड़ा। उन्होंने चंबल क्षेत्र में पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विपक्ष में बैठकर सत्ता पक्ष का सम्मान करते थे अटलजी
मुख्यमंत्री ने आमसभा को संबोधित करते हुए कहा- हमने सुभाष चंद्र बोस को नहीं देखा, भगत सिंह को नहीं देखा महात्मा गांधी को नहीं देखा। लेकिन, इस बात को गर्व से कह सकते हैं कि हमने उनका पूरा रूप तथा समाहित चरित्र के रूप में अटल बिहारी वाजपेयी को देखा है।
अटल जी के व्यक्तित्व में पूरे लोकतंत्र का व्यक्तित्व समाया था। हमारे अटल बिहारी वाजपेयी ऐसे थे कि इंदिरा जी के बल पर जब बांग्लादेश पाकिस्तान से अलग हुआ था, तब विपक्ष में बैठे अटल जी ने उन्हें मां दुर्गा का स्वरूप बताया था। वह विपक्ष में बैठकर भी सत्ता पक्ष के मुखिया का सम्मान करते थे।
आज मैं अटलजी की प्रतिमा का अनावरण करने आया, तो प्रतिमा को देखकर ऐसा लगा कि प्रतिमा पोखरण के परमाणु बम से जोड़कर बनाई है। यह इतनी अधिक ऊंची है, कि मुरैना की नेशनल हाईवे से भी जो व्यक्ति गुजरेगा, वह देखकर कहेगा कि चंबल का शेर खड़ा है।
आसन नदी पर बनेगा बोट क्लब
सीएम ने मंच से नगर के शोवरन गार्डन से इमलिया रोड तक 12 करोड़ रुपए की लागत की दोनों तरफ की सड़क और नालियों के निर्माण कार्य को स्वीकृत किया। उन्होंने मुरैना की नगरीय सीमा से लगी 12 पंचायतों में विकास कार्यों के लिए 20 करोड़ रुपए की राशि को स्वीकृति दी।
मुरैना की मुख्य एमएस रोड पर मौजूद बिजली के पोल और ट्रांसफॉर्मर की शिफ्टिंग के लिए 10 करोड़ रुपए की राशि को स्वीकृति दी। वहीं मुरैना की आसन नदी पर बाेट क्लब बनाने के लिए भी स्वीकृति दी गई है।
महापौर बोलीं- अटल जी युग पुरुष थे
मंच पर महापौर शारदा सोलंकी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अटल जी युग पुरुष थे। उन्होंने सभी को मार्गदर्शन दिया और एक आदर्श स्थापित किया। वहीं सांसद शिवमंगल सिंह चौहान ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी एक ऐसे नेता हुए, जिनकी सभी ने सराहना की है।

