मध्यप्रदेश में मौसम फिर बदल गया है। दिन में ठंडी हवा चल रही तो रातें सर्द हैं। शुक्रवार-शनिवार की रात भोपाल-ग्वालियर संभाग में पारा 3 डिग्री तक लुढ़क गया। अगले दो दिन यानी, रविवार-सोमवार को 2 से 3 डिग्री तक पारा और लुढ़केगा। वहीं, आखिरी सप्ताह में दिन में गर्मी और रातें ठंडी रहेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल में 3 डिग्री की गिरावट के बाद तापमान 12 डिग्री पर आ गया। ग्वालियर में 14.7 डिग्री, इंदौर में 16 डिग्री, उज्जैन में 13 डिग्री और जबलपुर में पारा 14.2 डिग्री रहा। धार, गुना, खरगोन, रतलाम, राजगढ़, मंडला, रीवा, सागर, सिवनी, टीकमगढ़ और बालाघाट में भी पारे में गिरावट देखने को मिली।
दिन में ठंडी हवाएं
शनिवार को भी मौसम में बदलाव देखने को मिला। धूप तो खिली रही, लेकिन हवाओं से ठंडक बनी रही। इस कारण दिन में चूभन वाली धूप नहीं रही। भोपाल में हवा की रफ्तार 8 से 10 किमी प्रतिघंटा रही। इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर समेत अन्य शहरों में भी मौसम बदला रहा।
फरवरी में ऐसा ही रहेगा मौसम फरवरी के आखिरी दिनों में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। वर्तमान में दक्षिण पाकिस्तान और राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सकुर्लेशन सिस्टम है। वहीं, उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव है। इस वजह से प्रदेश में भी मौसम बदला है। 24 फरवरी को उत्तर-पश्चिम भारत में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। जिसका असर प्रदेश में देखने को मिल सकता है।
फरवरी में ऐसे ही मौसम का ट्रेंड मौसम वैज्ञानिक प्रमेंद्र कुमार रैकवार ने बताया, फरवरी में कई वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होते हैं। अबकी बार भी ऐसा ही है। इस वजह से पारे में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी। फिलहाल बारिश होने के आसार नहीं है।
अगले 2 दिन ऐसा रहेगा मौसम

- 23 फरवरी: भोपाल में ठंडी हवा चलेगी। रात और सुबह सर्दी का असर रहेगा। इंदौर, उज्जैन, जबलपुर और ग्वालियर में भी मौसम बदला हुआ रहेगा।
- 24 फरवरी: दिन-रात के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी, लेकिन इसके बाद फिर से बढ़ोतरी होने लगेगी।

