जबलपुर

MP News: जबलपुर में भगवान लड्डू गोपाल की अनोखी दुकान, श्रद्धा और विश्वास से चलती है बिना मालिक की व्यवस्था

MP News: मध्यप्रदेश के जबलपुर की एक दुकान का वीडियो इन दिनों वायरल है। यहां दुकान के अंदर न कोई सेल्स मैन है न ही कोई कैशियर ये पूरी दुकान भगवान भरोसे चल रही है। आइए इस शॉप का टूर करते हैं।
जबलपुर की इस दुकान में लोग अपनी जरूरत के अनुसार लड्‌डुओं का पैकेट खरीदकर पैसे रख जाते हैं।

मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक ऐसी दुकान है, जो भगवान के भरोसे है। इस दुकान में न कोई इंसान मालिक है और न ही कोई इंसान नौकर। ये दुकान सिर्फ लड्डू गोपाल की है। यह दुकान जबलपुर के एक भक्त ने शुरू की है, जिसे वाकई में भक्त ने भगवान के भरोसे ही खोला है।

आज के दौर में जहां लोग आंखों से काजल चुरा कर ले जाते हैं, वहीं ये दुकान चमत्कार से कम नहीं। जबलपुर के नेपियर टाउन में रहने वाले विजय पांडे लड्डू बनाने का काम करते हैं। हालांकि, उनके अधिकतर लड्डू भोग लगाने के लिए मंदिरों में जाते हैं। विजय पांडे लड्डू गोपाल के बहुत बड़े भक्त भी हैं।

गरीब आदमी की मजबूरी ने दिखाया रास्ता 

विजय पांडे ने बताया कि एक बार लड्डू खरीदने गरीब आदमी आया। उसके पास पैसे नहीं थे। गरीब आदमी संकोच में था कि लड्डू कैसे खरीदे। मेरे पास तो इतने पैसे ही नहीं हैं। लेकिन, भगवान को चढ़ाना भी है, फिर क्या था गरीब के इस संकोच ने विजय पांडे को सोचने में मजबूर कर दिया। उन्होंने सोचा यदि मेरी जगह लड्डू गोपाल होते, तब गरीब को इतना सोचना भी नहीं पड़ता।

फिर घर में ही खोल दी दुकान 

इसके बाद विजय पांडे ने लड्डू गोपाल के नाम से दुकान खोल दी। इस दुकान के मालिक सिर्फ लड्डू गोपाल हैं। उनके भरोसे ही सारी दुकान है। कोई भी ग्राहक जाकर दुकान से लड्डू ले सकता है। पैसे नजदीक में बने डिब्बे में रख सकता है। जबकि, किसी के पास पैसे न हो फिर भी वह लड्डू ले जा सकता है। जबकि, बाद में पैसा आने के बाद रख सकता है। क्योंकि, उनका मानना है कि लोग इंसान को धोखा दे सकते हैं, लेकिन कोई लड्डू गोपाल से धोखा नहीं करेगा।

मिठाई के डिब्बे में लिखी हर बात

लड्डू गोपाल की इस दुकान में बकायदा काउंटर भी हैं। इसमें सेल्फ सर्विस का बोर्ड लगा है। काउंटर में मिठाई के डिब्बों में वजन सहित पैसे की भी जानकारी लिखी है। बहरहाल, अब ग्राहक लड्डू गोपाल की दुकान में आ रहे हैं और लड्डू लेकर पैसे भी डिब्बे में डाल रहे हैं। ग्राहकों का कहना है इस तरीके की दुकान आज तक नहीं देखी। सचमुच में यह अद्भुत पहल है।

Show Comments (0)
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *