ओले-बारिश और आंधी का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होने से मध्यप्रदेश में अगले 4 दिन मौसम बदला रहेगा। कहीं ओले गिरेंगे तो कहीं 40 से 50Km प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलेगी। मंगलवार को बड़वानी, खरगोन और खंडवा में ओले गिर सकते हैं, जबकि सीहोर, रायसेन, सागर, नरसिंहपुर, नर्मदापुरम, सिवनी, बालाघाट, पांढुर्णा, बैतूल, हरदा और बुरहानपुर में तेज आंधी का अलर्ट है।
मौसम विभाग के अनुसार, बदले मौसम का असर पूरे प्रदेश में ही देखने को मिलेगा। जिससे दिन के तापमान में भी गिरावट होगी। यानी, अप्रैल के पहले सप्ताह में तेज गर्मी की बजाय बारिश, ओले का असर देखने को मिलेगा।

भोपाल में सोमवार को बादल छाए रहे। इससे दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
इसलिए ऐसा मौसम
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया, एक टर्फ दक्षिण छत्तीसगढ़ से विदर्भ होते हुए मध्य महाराष्ट्र तक गुजर रहा है। वहीं, यहां से साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी गुजर रहा है। इस वजह से प्रदेश में मौसम बदलेगा। शुरुआत में दक्षिणी हिस्से में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। फिर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश, आंधी और गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी।
तेज आंधी भी चलेगी मौसम विभाग के अनुसार, कहीं-कहीं आंधी की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रतिघंटा तक रह सकती है। कुछ जिलों में यह रफ्तार 20 से 40 किमी के बीच रहने का अनुमान है।
अगले 4 दिन ऐसा रहेगा मौसम
- 1 अप्रैल: बड़वानी, खरगोन, खंडवा में बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं। वहीं, सीहोर, रायसेन, सागर, नरसिंहपुर, नर्मदापुरम, सिवनी, बालाघाट, पांढुर्णा, बैतूल, हरदा और बुरहानपुर में तेज आंधी और गरज-चमक की स्थिति बनी रेगी। यहां हवा की रफ्तार 30 से 50 किमी प्रतिघंटा तक रह सकती है। भोपाल, विदिशा, अलीराजपुर, झाबुआ, देवास, इंदौर, मंदसौर में बादल छा सकते हैं।
- 2 अप्रैल: इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सिवनी, पांढुर्णा में ओले गिरने का अलर्ट है। वहीं, रायसेन, सीहोर, उमरिया, शहडोल, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड में तेज आंधी चल सकती है।
- 3 अप्रैल: नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला में ओले गिर सकते हैं, जबकि ग्वालियर, भिंड, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, हरदा, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, पन्ना और सतना में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज आंधी का अलर्ट है।
- 4 अप्रैल: सिवनी में ओले गिरने का अलर्ट है। मंडला और बालाघाट में तेज आंधी चल सकती है।

