भोपाल

MP News: भोपाल रेलवे स्टेशन पर शुरू हुआ प्रदेश का पहला पॉड होटल, यात्रियों के लिए आरामदायक ठहराव की नई सुविधा

प्रदेश के पहले पॉड होटल की शुरुआत भोपाल रेलवे स्टेशन में की गई है। स्टेशन पर यात्रियों को मात्र 200 रुपए प्रति घंटे के हिसाब से आरामदायक और किफायती सुविधा मिलेगी। भोपाल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 6 पर इसे बनाया गया है।

भोपाल रेलवे स्टेशन पर आज से एक नई सुविधा शुरू हो रही है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब यात्री कैप्सूल आकार के पॉड्स में आराम से समय बिता सकते हैं। प्रदेश का पहला पॉड होटल शनिवार सुबह 10 बजे से शुरू हो गया है, और इसे लेकर यात्रियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

क्या है पॉड होटल की खासियत?

भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर स्थित इस पॉड होटल में 78 पॉड्स उपलब्ध हैं। इन पॉड्स में से कुछ को पुरुषों के लिए, कुछ महिलाओं के लिए और कुछ फैमिली के लिए डिज़ाइन किया गया है। हर पॉड को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि यात्री यहां आराम से अपने समय का आनंद ले सकते हैं।

किसे मिलेगा यह सेवा?

इस पॉड होटल की सेवा का लाभ रेलवे स्टेशन पर आ रहे यात्री उठा सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपना पीएनआर नंबर बुकिंग काउंटर पर दिखाना होगा। यहां पर खाना-पीना भी ऑर्डर किया जा सकेगा, जिससे यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करते हुए कोई परेशानी नहीं होगी।

कितने का होगा किराया?

अगर आप 3 घंटे के लिए पॉड में आराम करना चाहते हैं, तो आपको ₹200 चुकाने होंगे। यहां के विभिन्न पॉड्स में रुकने के लिए किराया इस प्रकार है:

मल्टी बेड जेंट्स पॉड: ₹200 (3 घंटे), ₹400 (9 घंटे), ₹900 (24 घंटे), ₹1500 (48 घंटे)
मल्टी बेड लेडीज पॉड: ₹200 (3 घंटे), ₹500 (9 घंटे), ₹900 (24 घंटे), ₹1800 (48 घंटे)
फैमिली बेड्स: ₹500 (3 घंटे), ₹900 (9 घंटे), ₹1500 (24 घंटे), ₹3000 (48 घंटे)

(यहां का किराया जीएसटी अलग से लागू होगा और फैमिली बेड्स में चार लोग रुक सकते हैं।)

क्या मिलेगा पॉड्स में?

इन पॉड्स में यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। हर पॉड में मोबाइल, लैपटॉप चार्ज करने के लिए पॉड, हाई स्पीड वाई-फाई, और मनोरंजन के लिए टीवी की सुविधा होगी। इसके साथ ही, एसी की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे गर्मी में भी आराम से समय बिताया जा सके।

क्यों है यह सेवा खास?

यह पॉड होटल उन यात्रियों के लिए बेहद फायदेमंद है जो कनेक्टिंग ट्रेन पकड़ने के लिए कुछ समय तक स्टेशन पर रुकते हैं। अब उन्हें लंबा इंतजार करने के दौरान आराम से बैठने या सोने की समस्या नहीं होगी।

भोपाल स्टेशन पर यह पॉड होटल यात्रियों को एक नया अनुभव देगा और यात्रा के दौरान मिलने वाली समस्याओं को काफी हद तक कम करेगा।

Show Comments (0)
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *