Top Storiesजरुरत की खबर

अब अंडों पर भी एक्सपायरी डेट! जानें कितने दिन तक रहते हैं सेफ

क्या है नया नियम और क्यों लिया गया फैसला?

अगर आप अंडे खाते हैं, तो अब खरीदने का तरीका बदलने वाला है। उत्तर प्रदेश सरकार ने 1 अप्रैल 2026 से हर अंडे पर उत्पादन तारीख (लेइंग डेट) और एक्सपायरी डेट लिखना अनिवार्य कर दिया है। इस फैसले का मकसद उपभोक्ताओं को ताजा और सुरक्षित अंडे उपलब्ध कराना है, ताकि लोग बिना जानकारी के पुराने या खराब अंडे खाने से बच सकें।

अंडों पर क्या-क्या जानकारी होगी अनिवार्य

नए नियम के तहत अंडा उत्पादकों और विक्रेताओं को हर अंडे पर दो अहम जानकारी देना जरूरी होगा—पहली, अंडा कब दिया गया और दूसरी, उसे कब तक इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए फूड-ग्रेड स्याही का इस्तेमाल किया जाएगा। स्टोरेज के आधार पर अलग-अलग रंगों की स्याही (जैसे सामान्य तापमान और कोल्ड स्टोरेज) भी इस्तेमाल की जा सकती है, जिससे ग्राहक आसानी से पहचान कर सकें।

कितने दिन तक सुरक्षित रहता है अंडा

अंडे की एक्सपायरी कोई तय तारीख नहीं होती, बल्कि यह स्टोरेज पर निर्भर करती है। विशेषज्ञों के अनुसार, सामान्य तापमान (करीब 30°C) पर रखा अंडा लगभग 10 से 14 दिन तक सुरक्षित रहता है। वहीं अगर अंडे को फ्रिज में 2 से 8°C के बीच रखा जाए, तो उसकी शेल्फ लाइफ लगभग 5 हफ्ते (35 दिन) तक हो सकती है। इसलिए अंडे को सही तरीके से स्टोर करना बेहद जरूरी है।

खराब अंडा कैसे पहचानें?

खराब अंडे की पहचान करना आसान है। सबसे आम तरीका है पानी टेस्ट—अगर अंडा पानी में डूब जाए तो ताजा है, और अगर तैरने लगे तो खराब हो चुका है। इसके अलावा अंडा तोड़ने पर बदबू आना या उसका सफेद हिस्सा बहुत पतला होना भी खराब होने का संकेत है। ऐसे अंडों का सेवन नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है।

अंडे खाने के क्या हैं फायदे?

अंडा पोषण का अच्छा स्रोत है। इसमें भरपूर प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स होते हैं, जो शरीर को ऊर्जा देते हैं। अंडा मांसपेशियों को मजबूत बनाता है, दिमाग के विकास में मदद करता है और आंखों की सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है। इसके अलावा यह वजन नियंत्रित रखने में भी सहायक माना जाता है।

Show Comments (0)
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *