मध्यप्रदेश

MP Board Result 2025: मध्यप्रदेश में कक्षा 5 और 8 के बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित, जानें कैसे करें चैक

मध्यप्रदेश में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड पैटर्न परीक्षाओं के परिणाम शुक्रवार दोपहर 1 बजे जारी कर दिए गए। राज्य शिक्षा केंद्र संचालक हरजिंदर सिंह ने परीक्षा पोर्टल पर रिजल्ट बटन दबाकर परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए। उन्होंने बताया कि प्रदेश में इस वर्ष कक्षा 5वीं का परीक्षा परिणाम 92.70% रहा, जो पिछले वर्ष के 90.97% से बेहतर है। इसी तरह, कक्षा 8वीं का परीक्षा परिणाम 90.02% रहा, जो पिछले वर्ष के 87.71% की तुलना में अधिक है।

बालिकाओं का प्रदर्शन बेहतर

कक्षा 5वीं में बालिकाओं के पास होने का प्रतिशत 94.12% और बालकों का 91.38% रहा। वहीं, कक्षा 8वीं में बालिकाओं का पास होने का प्रतिशत 91.72% और बालकों का 88.41% रहा।

रिजल्ट के हिसाब से टॉप 10 जिले

कक्षा 5वीं के परिणामों में शीर्ष 10 जिले: शहडोल, चंबल, नर्मदापुरम, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन, ग्वालियर, रीवा, सागर और भोपाल। कक्षा 8वीं के परिणामों में शीर्ष 10 जिले: नरसिंहपुर, अलीराजपुर, रीवा, झाबुआ, बालाघाट, अनूपपुर, सीहोर, डिंडोरी, बड़वानी और मंदला।

ऑनलाइन परिणाम देखने की सुविधा

इस क्यूआर कोड को स्कैन कर देख सकते हैं रिजल्ट।

छात्र अपना परीक्षा परिणाम राज्य शिक्षा केंद्र की वेबसाइट https://www.rskmp.in/result.aspx पर देख सकते हैं। राज्य शिक्षा केंद्र के संचालक हरजिंदर सिंह के अनुसार, विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक राज्य शिक्षा केंद्र के आधिकारिक पोर्टल (www.rskmp.in/result.aspx) पर अपने रोल नंबर/समग्र आईडी के माध्यम से परिणाम देख सकेंगे। शिक्षकों और संस्था प्रमुखों के लिए शाला-स्तरीय परिणाम भी इसी पोर्टल पर उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा, परिणाम की लिंक एक QR कोड के माध्यम से भी उपलब्ध कराई जा रही है।

इस अवसर पर संचालक हरजिंदर सिंह ने कहा कि हमारा प्रयास बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना एवं सीखने के लिए अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के स्तर की वस्तुस्थिति के सर्वाधिक आंकड़े विश्लेषण करने में मध्यप्रदेश देश भर में अग्रणी राज्य बनने जा रहा है। प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के बेटे-बेटियां अब कमजोर नहीं रह गए हैं, ये इन परीक्षाओं के परिणाम से साफतौर पर स्पष्ट दिख रहा है। इसके साथ ही जो छात्र एवं छात्राएं परीक्षा में असफल हुए है उनके लिए जल्द ही पुनः परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। जिसमें जो विद्यार्थी जिस विषय में असफल रहें हैं उन्हें मात्र उसी विषय की पुन: परीक्षा देनी होगी।

1 लाख से अधिक स्कूलों के लगभग 23 लाख विद्यार्थियों ने दी है परीक्षा

उल्लेखनीय है कि, इस वर्ष इन परीक्षाओं में प्रदेश के 1 लाख 12,323 शासकीय और निजी विद्यालयों तथा मदरसों के लगभग 23 लाख विद्यार्थी इन परीक्षाओं में सम्मिलित हुए थे। जिनमें से 95417 स्कूल ग्रामीण तथा 16906 स्कूल शहरी क्षेत्रों के हैं। इनमें 86553 शासकीय, 25101 निजी स्कूल एवं 669 मदरसे शामिल हैं। कक्षा 5वीं के कुल 11,17961 स्टूडेंट्स में से 8,24598 ग्रामीण और 2,93363 विद्यार्थी शहरी क्षेत्रों के हैं। वहीं कक्षा 8वीं के कुल 11,68866 स्टूडेंट्स में से 8, 35733 ग्रामीण और 3,33133 स्टूडेंट शहरी क्षेत्रों के हैं।

इतने बच्चे हुए थे शामिल

दोनों कक्षा की परीक्षा 24 फरवरी से 5 मार्च के बीच हुआ था। जिनमें प्रदेश के प्राइवेट और सरकारी स्कूल, पंजीकृत मदरसों के कक्षा 5वीं में 11 लाख 17 हजार से अधिक और कक्षा 8वीं के 11 लाख 68 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए थे। कुल 22 लाख 85 हजार से अधिक विद्यार्थियों की उत्‍तर पुस्तिकाओं के मूल्‍यांकन के लिए कुल 322 केंद्र बनाए गए थे। जहां 1 लाख 19 हजार से अधिक मूल्‍यांकनकर्ताओं ने अंकों की ऑनलाइन प्रविष्टि पोर्टल पर दर्ज की है।

Show Comments (0)
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *