इंदौर की ऐतिहासिक रंगपंचमी गेर को निशाना बनाकर बड़ी वारदात की साजिश रची जा रही थी, जिसे पुलिस की सतर्कता ने समय रहते नाकाम कर दिया। शहर के छोटी ग्वालटोली इलाके के एक होटल से पुलिस ने नेपाल और बिहार से जुड़े 20 संदिग्धों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस को आशंका है कि ये लोग गेर के दौरान भीड़ में शामिल लोगों की सोने की चेन लूटने की योजना बना रहे थे।


पुलिस के मुताबिक पकड़े गए संदिग्धों से पूछताछ की गई, लेकिन वे इंदौर आने के उद्देश्य को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
जोन-3 के डीसीपी राजेश व्यास ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि छोटी ग्वालटोली क्षेत्र के एक होटल में कई संदिग्ध लोग ठहरे हुए हैं। सूचना के बाद पुलिस ने उनके मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लिए, जिससे पता चला कि वे दिल्ली के रास्ते फ्लाइट से इंदौर पहुंचे हैं।
इसके बाद पलासिया थाना, छोटी ग्वालटोली थाना और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने होटल में सर्चिंग अभियान चलाया और 20 लोगों को हिरासत में ले लिया।
नंदा देवी फेस्टिवल में भी चोरी का शक
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि नैनीताल में आयोजित नंदा देवी फेस्टिवल के दौरान भी इसी गैंग पर करीब एक दर्जन लोगों की सोने की चेन चोरी करने का संदेह है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
होटल गौरव और नीलम में ठहरे थे आरोपी
छोटी ग्वालटोली थाना प्रभारी संजू कामले के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में नेपाल और बिहार के कई लोग शामिल हैं। सभी दिल्ली के रास्ते फ्लाइट से इंदौर पहुंचे थे और होटल गौरव व नीलम में ठहरे हुए थे। पूछताछ में उन्होंने गेर देखने आने की बात कही, लेकिन उनके जवाब संदिग्ध पाए गए।
पुलिस ने आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी के लिए बिहार और नेपाल पुलिस को ईमेल भेजा है।
पहले भी गेर में हुई थीं चेन चोरी

पुलिस के अनुसार पिछले साल रंगपंचमी गेर के दौरान करीब 60 सोने की चेन चोरी होने के मामले दर्ज हुए थे। इस बार पुलिस ने पहले से सख्ती बरतते हुए होटल-लॉज की नियमित जांच की, जिसके चलते बड़ी वारदात होने से पहले ही संदिग्धों को पकड़ लिया गया।
ये आरोपी पकड़ाए
राजेश्वर (49) राठौर निवासी पटेर्वा सुगोली (नेपाल), मुकेश कुमार राय (31) निवासी जितपुरा (नेपाल), प्रमेश राय (38) निवासी पमरिया (नेपाल), दिलीप राय (40) निवासी बारा (नेपाल), प्रभुराय (35) निवासी परसा (नेपाल), भोला कुमार (26) निवासी चंपारण (बिहार), सुजित कुमार (32) निवासी बेतिया (बिहार), मनीष (27) निवासी मोतिहारी (भिलाई), पूरन कुमार 32 निवासी बेतिया (बिहार), अजय (24) निवासी भिलाई (चंपारण), गुड्डू कुमार (34) निवासी चंपारण (बिहार), सुरेश (51) निवासी चंपारण (बिहार), दिलीप कुमार (38) निवासी मोटीहारी (भिलाई), वीरेंद्र राय (49) निवासी चंपारण (बिहार), रंजीत कुमार (47) निवासी चंपारण (बिहार), मोहन राय (40) निवासी चंपारण (बिहार), लक्ष्मण राऊत निवासी चंपारण (बिहार), सुरेश (32) करन कुमार (22), चंदन (19) निवासी चंपारण (बिहार)।

