भिंड शहर के हाउसिंग कॉलोनी स्थित कान्हा होटल के पास बुधवार सुबह एक तीन मंजिला कपड़े की दुकान में भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग ने कुछ ही देर में भीषण रूप ले लिया। घटना को देखते हुए तत्काल मौके पर भिंड की दो गाड़ियां समेत, मेहगांव, रौन और फूप की फायर बिग्रेड बुलाई गई।
बता दें कि, स्थानीय लोगों ने कपड़ा व्यापारी पवन जैन की शोरूम में आग की लपटें उठती हुई देख पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। इसके बाद एक के बाद एक फायर बिग्रेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। यहां आग की लपटें बढ़ती देख आस-पास की दुकानें खाली कराई गई।
स्थानीय लोगों की भीड़ को बढ़ता देख तत्काल पुलिस बल ने लोगों को घटना स्थल से दूर किया। इस दौरान एक फायर बिग्रेड में पानी कम होने के कारण बुझाने में मुश्किल आई, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश दिखा। लोगों ने खुद पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। इसके बाद रौन, फूप और मेहगांव कस्बे से 3 दमकल बुलाए गए। इसके बाद करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया गया।
एक करोड़ के नुकसान की आशंका
दुकान मालिक पवन जैन जब मौके पर पहुंचे और अपनी दुकान जलती देखी तो उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के मुताबिक, आग से करीब 1 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है, जबकि प्रशासनिक अफसरों ने 25-30 लाख रुपए का नुकसान आंका है। तीन मंजिला इमारत के नीचे शोरूम और ऊपर के दो मंजिलों में गोदाम थे, जिससे आग तेजी से फैल गई। पुलिस और दमकल की टीम मौके पर मौजूद है और राहत कार्य जारी है।
बड़ा हादसा टला
हाउसिंग कॉलोनी घनी आबादी वाला इलाका होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने दमकल की व्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर की है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
फायर बिग्रेड प्रभारी सुरेश वर्मा ने बताया कि 18 गाड़ी पानी डालकर दो घंटे में आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद नुकसान की जानकारी ली जा रही है।
