भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब देश की हवाई यात्रा पर भी दिखाई देने लगा है। देश के 8 राज्यों में 29 एयरपोर्ट्स को 10 मई तक अस्थायी रूप से बंद किया गया है, जिससे यात्री सेवाओं पर सीधा असर पड़ा है। इंडिगो और एयर इंडिया ने कई प्रमुख शहरों की उड़ानों को रद्द कर दिया है, वहीं सुरक्षा जांच को और कड़ा कर दिया गया है।
इंडिगो ने रद्द की 165 उड़ानें, एयर इंडिया ने भी कई रूट बंद किए
इंडिगो एयरलाइंस ने श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, लेह, चंडीगढ़, धर्मशाला, बीकानेर, जोधपुर, किशनगढ़, राजकोट और ग्वालियर की उड़ानों को 10 मई की रात 12 बजे तक रद्द कर दिया है।
वहीं, एयर इंडिया ने भी जम्मू, श्रीनगर, लेह, जामनगर, राजकोट, भुज और अमृतसर जैसे शहरों की उड़ानें 10 मई सुबह 5:29 बजे तक स्थगित कर दी हैं।
किन राज्यों पर असर?
यह फैसला जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के एयरपोर्ट्स पर लागू किया गया है।
अमृतसर और चंडीगढ़ जैसे रणनीतिक रूप से अहम एयरपोर्ट्स अब एयरफोर्स के उपयोग में लाए जा रहे हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: डबल चेकिंग अनिवार्य

सिविल एविएशन मंत्रालय ने नई एडवाइजरी जारी करते हुए यात्रियों को कम से कम 3 घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह दी है।
अब यात्रियों को डबल सिक्योरिटी स्क्रीनिंग से गुजरना होगा।
दिल्ली एयरपोर्ट ने बताया कि उसका कामकाज सामान्य है, लेकिन कुछ फ्लाइट्स पर एयरस्पेस और सुरक्षा कारणों से असर पड़ा है।
अकासा एयर और इंडियन ऑयल की अपडेट्स
- अकासा एयर ने हैंड बैगेज की अधिकतम सीमा 7 किलो तय की है।
- IOCL ने स्पष्ट किया है कि ईंधन की आपूर्ति सामान्य है और पैनिक बाइंग की आवश्यकता नहीं है।
रिफंड और रि-शेड्यूलिंग की सुविधा
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने ऐलान किया है कि जिन डिफेंस कर्मियों ने 31 मई तक टिकट बुक किए हैं, उन्हें फुल रिफंड मिलेगा। साथ ही, 30 जून तक एक बार की मुफ्त री-शेड्यूलिंग की सुविधा भी दी जा रही है।
देश की सुरक्षा प्राथमिकता पर है और इसके चलते हवाई यात्राओं में व्यवधान आना स्वाभाविक है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपने ट्रैवल शेड्यूल को फ्लाइट स्टेटस के अनुसार अपडेट रखें और अफवाहों से बचें।

