मध्यप्रदेश

MP News: मध्यप्रदेश में अमूल दूध हुआ महंगा, 1 मई से 2 रुपए प्रति लीटर बढ़े दाम, सांची भी बढ़ा सकता है रेट

मध्यप्रदेश में 1 मई से अमूल दूध के दाम बढ़ा दिए गए हैं, जिससे उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लगा है। अब 1 लीटर दूध 2 रुपए और आधा लीटर 1 रुपए महंगा मिलेगा। यह नई कीमतें भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर सहित सभी जिलों में लागू होंगी। वहीं सांची और अन्य ब्रांड भी जल्द ही दाम बढ़ा सकते हैं।

अमूल ने मध्यप्रदेश में दूध की कीमतों में वृद्धि की घोषणा की है। 1 मई, गुरुवार से 1 लीटर दूध की कीमत में 2 रुपए और आधा लीटर दूध में 1 रुपए की बढ़ोतरी की जाएगी। यह नई दरें भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और राज्य के सभी जिलों में लागू होंगी।

प्रदेश में अमूल की खपत: सांची के बाद सबसे ज्यादा

मध्यप्रदेश में सांची दूध के बाद अमूल की सबसे ज्यादा खपत होती है। रोजाना लगभग 3.5 लाख लीटर अमूल दूध बिकता है। इंदौर में इसकी खपत सबसे अधिक है, जहाँ रोजाना करीब सवा लाख लीटर दूध बिकता है। भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में भी खपत 50 से 80 हजार लीटर के बीच है।

भोपाल में खुले दूध की ज्यादा खपत, सांची सबसे लोकप्रिय

भोपाल में पैक्ड दूध की तुलना में खुले दूध की खपत अधिक है, जहाँ प्रतिदिन 6 से 8 लाख लीटर दूध बिकता है। पैक्ड दूध में सांची की बिक्री सबसे ज्यादा है, जबकि अमूल की खपत 60 हजार लीटर प्रतिदिन है। इसके अलावा, सौरभ, श्री धी, और मदर डेयरी जैसे अन्य ब्रांड भी बाजार में उपलब्ध हैं।

क्या सांची भी बढ़ाएगा रेट?

अमूल के बाद अब सांची दूध की कीमतों में भी बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। पहले ही मदर डेयरी ने अपनी कीमतें बढ़ा दी हैं, और अब अमूल ने भी कीमतों में इज़ाफ़ा किया है। इसके बाद सांची के दाम भी बढ़ सकते हैं, जिससे पैक्ड दूध के रेट में और वृद्धि हो सकती है।

अमूल के विभिन्न वैरिएंट्स पर बढ़ी कीमतें

अमूल के स्टैंडर्ड, गोल्ड, बफैलो मिल्क, स्लिम एंड ट्रिम, ताजा, काऊ मिल्क और चाय मजा जैसे वैरिएंट्स की कीमतों में 2 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। भोपाल में सबसे ज्यादा बिक्री अमूल गोल्ड की होती है, जो अब महंगा हो गया है।

तीन महीने पहले हुई थी दूध की कीमतों में कटौती

गौरतलब है कि तीन महीने पहले, 24 जनवरी को अमूल ने दूध की कीमतों में 1 रुपए की कटौती की थी। इससे पहले, लोकसभा चुनाव के नतीजों के तीन दिन पहले अमूल ने दूध की कीमतों में 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। तब अमूल गोल्ड, अमूल शक्ति, और टी स्पेशल के रेट्स भी बढ़ाए गए थे।

Show Comments (0)
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *