मध्यप्रदेश

MP News: अब अंतिम यात्रा होगी सम्मानजनक, मध्यप्रदेश में शुरू होगी मुफ्त शव वाहन सेवा 1080 पर कॉल और शव वाहन पहुंचेगा घर

मध्यप्रदेश सरकार ने एक संवेदनशील फैसला लिया है, जिससे अब किसी गरीब को अपने परिजन का शव ठेले, साइकिल या कंधे पर ले जाने की मजबूरी नहीं होगी। राज्य में जल्द ही 148 अत्याधुनिक शव वाहन शुरू किए जाएंगे, जो अस्पताल से सीधे घर तक शव पहुंचाएंगे। जरूरतमंद लोग सिर्फ 1080 नंबर पर कॉल कर इस सेवा का लाभ ले सकेंगे।

मध्यप्रदेश में अब किसी गरीब को अपने परिजन का शव कंधे, साइकिल या ठेले पर नहीं ले जाना पड़ेगा। प्रदेश सरकार और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के सहयोग से अब सरकार 148 अत्याधुनिक शव वाहनों की सेवा शुरू करने जा रही है, जिससे अंतिम यात्रा सम्मानजनक हो सके।

घर तक पहुंचेगा शव वाहन

अब किसी भी जरूरतमंद को सिर्फ 1080 नंबर पर कॉल करना होगा, और शव वाहन सीधे अस्पताल से घर तक शव को लेकर पहुंचेगा। इस सेवा की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और एक महीने के भीतर सेवा शुरू होने वाली है।

  • पहले चरण में 60 शव वाहन शुरू किए जाएंगे
  • हर जिले में कम से कम एक वाहन पहुंचेगा
  • भोपाल जैसे बड़े मेडिकल कॉलेजों को दो या ज्यादा वाहन मिल सकते हैं
  • भविष्य में हर जिले को 2 से 3 शव वाहन दिए जाएंगे

शव वाहन होंगे आधुनिक सुविधाओं से लैस

सरकार जो नॉन-एसी वाहन तैयार कर रही है, वे शव वाहन के तौर पर काम आएंगे और इनमें जरूरी सुविधाएं मौजूद होंगी

  • पारदर्शी खिड़कियां
  • फ्यूमीगेशन मशीन
  • वॉशिंग इक्विपमेंट
  • स्ट्रेचर, फायर एक्सटिंग्यूशर, फायर ब्लैकेट, पंखे आदि

भोपाल में 24×7 कॉल सेंटर और डिजिटल मॉनिटरिंग

इस सेवा को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए भोपाल में 24 घंटे चालू कॉल सेंटर तैयार किया जा रहा है। यहां से पूरे प्रदेश में शव वाहनों की उपलब्धता और मूवमेंट को डिजिटल डैशबोर्ड के जरिए ट्रैक किया जाएगा, जिससे जरूरतमंदों को तुरंत सहायता मिल सके।

सिर्फ आयुष्मान कार्डधारकों को मिलेगा फायदा

फिलहाल यह सेवा आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को ही मिलेगी। यानी जिन लोगों के पास आयुष्मान कार्ड है, वे अस्पताल से घर तक शव ले जाने के लिए इस सेवा का लाभ ले सकेंगे।

हालांकि, सरकार को यह सुझाव भी मिल रहा है कि यह सेवा आम मरीजों के परिजनों को भी दी जानी चाहिए, ताकि हर जरूरतमंद को मदद मिल सके।

Show Comments (0)
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *