Top Stories

MP News: मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने सही ठहराया हनी सिंह इवेंट का साउंड सिस्टम जब्ती की कार्रवाई, हाईकोर्ट ने कहा- तीनों आयोजक कंपनियां 5-5 लाख जमा कराएं

MP News: इंदौर में टैक्स चोरी के मामले में सिंगर हनी सिंह के इंवेंट का साउंड सिस्टम जब्त करने की कार्रवाई को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बैंच ने सही ठहराया है। साथ ही कोर्ट ने तीनों आयोजक कंपनियों को 5-5 लाख रुपए नगर निगम को जमा करने के निर्देश दिए।
हनी सिंह कॉन्सर्ट का मनोरंजन कर नहीं चुकाया तो लाइट-साउंड से भरा 1 करोड़ का कंटेनर किया था जब्त

मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बैंच ने कहा कि टैक्स चोरी के मामले में सिंगर हनी सिंह के कार्यक्रम के बाद साउंड सिस्टम जब्त करना गलत नहीं है। यह नगर निगम का सही कदम है।

बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने कन्सर्ट करने वाली तीन आयोजक कंपनियों को पांच-पांच लाख रुपए इंदौर नगर निगम को सशर्त जमा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निगम को अंडरटेकिंग देने के लिए कहा है कि वे एक सप्ताह में कार्यक्रम की ऑडिट रिपोर्ट भी जमा कराएं।

दरअसल, 8 मार्च (शनिवार) को इंदौर में हनी सिंह का ‘मिलियनेयर इंडिया टूर’ के तहत कंसर्ट हुआ था। कार्यक्रम के बाद रविवार सुबह नगर निगम ने साउंड सिस्टम जब्त कर लिए थे। आयोजकों के टैक्स नहीं चुकाने पर नगर निगम ने यह कार्रवाई की थी। इससे पहले नगर निगम ने आयोजकों को पत्र लिखकर मनोरंजन कर के 10 प्रतिशत कर जमा करने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने 7 लाख 85 हजार रुपए जमा करा दिए थे।

जबकि नगर निगम का कहना था कि आयोजक 50 लाख रुपए जमा कराएं। ऑडिट के बाद जो भी अंतर आएगा वो नगर निगम आयोजकों को लौटा देगा। इसके विरोध में आयोजन से जुड़ी तीन कंपनियां हाईकोर्ट पहुंच गईं थी।

जब्त सामान की अनुमानित कीमत 1 करोड़

इधर, जब्त किए गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपए है। इससे पहले, पटना दौरे पर गए नगर निगम कमिश्नर शिवम वर्मा ने आयोजन में जमा कराए गए टैक्स की जानकारी ली और डिप्टी कमिश्नर लता अग्रवाल को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

सामान जब्त करने के बाद महापौर ने कहा था

यह स्थिति हर उन आयोजकों के साथ बनेगी जो नियमानुसार टैक्स नहीं चुकाएंगे। आप यहां आइए, खूब मनोरंजन करिए, कराइए, इनकम भी करिए, लेकिन मनोरंजन कर के रूप में 10 प्रतिशत चुकाइए।

‘मिलियनेयर इंडिया टूर’ पर हैं हनी सिंह

यो यो हनी सिंह ‘मिलियनेयर इंडिया टूर’ पर हैं। इस दौरान वे अलग-अलग शहरों में अपने कंसर्ट कर रहे हैं। कुल 10 शहरों में उनके शो होने हैं। इनमें से चार शहरों में शो हो चुके हैं, जिसमें इंदौर भी शामिल है।

8 मार्च को इंदौर में करीब डेढ़ घंटे तक चले इस कंसर्ट में हनी सिंह ने 10 गाने गाए। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हनी के फैंस पहुंचे थे। हालांकि, शो जल्द खत्म होने के कारण फैंस नाखुश भी नजर आए।

Show Comments (0)
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *