Top Storiesराजधानी

पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव का ऐलान, 9 से 29 अप्रैल के बीच होगी वोटिंग, नतीजे 4 मई को

देश के पांच राज्यों—असम, तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इन पांचों राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में कुल 824 विधानसभा सीटों के लिए मतदान कराया जाएगा।

चुनाव आयोग के अनुसार असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा। वहीं तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान होगा, जहां 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को वोटिंग कराई जाएगी। सभी राज्यों के चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि इन चुनावों में करीब 17.4 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही पांचों राज्यों में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है, जिससे अब चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक सरकारी घोषणाओं और नई योजनाओं पर रोक रहेगी।

उन्होंने बताया कि पिछले 12 महीनों में चुनाव आयोग ने चुनाव प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए कई नए प्रयोग किए हैं। इनमें मतदाता सूची की विशेष गहन समीक्षा (SIR) शामिल है, जिससे यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी अयोग्य व्यक्ति वोटर लिस्ट में शामिल न रहे। इसके अलावा मतदान केंद्रों के बाहर मोबाइल फोन रखने का नियम भी लागू किया गया है। मतदाता मतदान करने के बाद अपना मोबाइल फोन वापस ले सकेंगे।

गौरतलब है कि साल 2021 में इन पांचों राज्यों के विधानसभा चुनावों की घोषणा 26 फरवरी को की गई थी। उस समय पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में मतदान हुआ था, जबकि असम में तीन चरणों में वोटिंग कराई गई थी। तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में मतदान हुआ था। इन सभी विधानसभाओं का कार्यकाल मई में समाप्त हो रहा है, इसलिए उससे पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है।

Show Comments (0)
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *