इंदौर के तेजाजी नगर इलाके में सोमवार देर रात तीन ट्रक आपस में टकरा गए। जिसमें एक ट्रक ड्राइवर की केबिन में दबने से मौत हो गई। वहीं एक ट्रक में सवार दो ड्राइवर घायल हुए है। पुलिस ने रात में सभी को एंबुलेंस से एमवाय भेजा है। बताया जाता है कि सबसे आगे वाले ट्रक ने लापरवाही से ब्रेक लगा दिया। जिस कारण दो ट्रक एक के बाद एक दूसरे में जा घुसे।
तेजाजी नगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना बायपास की है। रात करीब 2 बजे के लगभग तीन ट्रक आपस में एक दूसरे से टकरा गए। जिसमें बीच का ट्रक चला रहा ड्राइवर देवी सिंह(40) पुत्र भागचंद निवासी बैरसिया भोपाल की केबिन में फंसने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि देवीसिंह के ट्रक के पीछे चल रहे ट्रक में सवार ड्राइवर मोहम्मद फारूख पुत्र शान निवासी कृष्णागिरी तमिलनाडू और उसका साथी ड्राइवर शारदा पुत्र एलोपन निवासी सालेम तमिलनाडु घायल हुए है। उनका एमवाय में उपचार चल रहा है।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद पुलिस
आगे वाले ट्रक ने लगा दिए थे ब्रेक पुलिस ने फारूख के बयान लिए थे। जिसमें बताया कि देवीसिंह के आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए थे। इसके बाद देवीसिंह ने अपना ट्रक को रोकने का प्रयास किया। लेकिन पीछे से फारूख का ट्रक घुस गया। जिसमें देवीसिंह की केबिन में दबने से मौत हो गई। फारूख राजस्थान से माल भरकर तमिलनाडु के लिए निकला था। हादसे में उसके भी पैर में फैक्चर हुआ है।

