मध्यप्रदेश

MP Weather Update: मार्च के अंत में मध्यप्रदेश में बढ़ती गर्मी; पिछले दशक का ट्रेंड जारी, तापमान ने छुआ 39 डिग्री

MP Weather Update: मध्यप्रदेश में एक बार फिर से गर्मी ने अपना असर दिखना शुरू कर दिया है। जहां अभी तक बारिश ओले की वजह से तापमान में गिरावट हो रही थी,वहीं अब पारा 39 डिग्री तक पहुंच गया है।

मध्यप्रदेश में मार्च के आखिरी दिनों में तेज गर्मी पड़ती है। पिछले 10 साल से यह ट्रेंड रहा है। अबकी बार भी ऐसा ही मौसम रहेगा। बारिश-ओले और आंधी का दौर थमते ही प्रदेश में गर्मी बढ़ गई है। रविवार को रतलाम में पारा 39 डिग्री पहुंच गया। ग्वालियर, इंदौर और उज्जैन संभाग के जिले सबसे ज्यादा गर्म रहे।

मौसम विभाग के अनुसार, हिमालय के ऊपर एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव है, लेकिन यह स्ट्रॉन्ग नहीं है। इस वजह से प्रदेश में असर कम रहेगा।

पूरे प्रदेश में दिन का पारा बढ़ा

इधर, रविवार को पूरे प्रदेश में दिन के पारे में बढ़ोतरी देखने को मिली। रतलाम में 39 डिग्री, नर्मदापुरम में 38.8 डिग्री, धार में 37.4 डिग्री, खरगोन में 37 डिग्री, गुना-बैतूल में 36.5 डिग्री, नरसिंहपुर में 36.4 डिग्री और मंडला में पारा 36 डिग्री रहा।

बड़े शहरों की बात करें तो उज्जैन में सबसे ज्यादा 36 डिग्री, इंदौर में 35.4 डिग्री, भोपाल में 35.1 डिग्री, जबलपुर में 34.9 डिग्री और ग्वालियर में 34.7 डिग्री दर्ज किया गया।

भोपाल में भी गर्मी का असर

भोपाल में रविवार सुबह से ही गर्मी का असर देखा गया। इस वजह से अधिकतम तापमान 34 डिग्री के पार पहुंच गया। अन्य शहरों में भी ऐसा ही मौसम बना रहा।

अमरकंटक में तेज बारिश

इससे पहले शनिवार-रविवार की रात में प्रदेश के अमरकंटक में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, यहां 4 इंच से ज्यादा पानी गिर गया। रीवा में भी बारिश दर्ज की गई। भिंड, अनूपपुर में तेज आंधी चली। वहीं, सतना, रीवा, अनूपपुर और भिंड में गरज-चमक की स्थिति भी बनी रही।

अगले 2 दिन ऐसा रहेगा मौसम

  • 24 मार्च: तीखी धूप खिली रहेगी। इससे गर्मी का असर बढ़ जाएगा। बारिश का अलर्ट नहीं है।
  • 25 मार्च: गर्मी का असर रहेगा। दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिलेंगी।

27 मार्च के बाद चल सकती है लू

मौसम विभाग के अनुसार, मार्च के आखिरी दिन यानी- 27 से 31 मार्च के बीच प्रदेश में फिर से गर्मी का असर देखने को मिलेगा। कुछ इलाकों में लू भी चल सकती है। कई शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। सामान्यतः दिन का तापमान 40 डिग्री से अधिक या सामान्य से 4.6 डिग्री तक अधिक हो तो हीट वेव यानी लू की स्थिति मानी जाती है।

अप्रैल-मई में हीट वेव का असर

बता दें कि मार्च से गर्मी के सीजन की शुरुआत हो जाती है। अगले 4 महीने तेज गर्मी पड़ेगी। मौसम विभाग ने मार्च से मई तक 15 से 20 दिन हीट वेव चलने का अनुमान जताया है। अप्रैल-मई में हीट वेव का असर ज्यादा हो सकता है। इस कारण 30 से 35 दिन तक गर्म हवा चल सकती है।

Show Comments (0)
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *