भोपाल के संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) और सांई राम कॉलोनी सेमरा गेट से शराब दुकानें अन्य जगहों पर शिफ्ट करने की मांग उठी है। इसे लेकर मंगलवार को कई महिलाएं हाथों में तख्तियां लेकर अफसरों के पास पहुंची। महिलाओं ने जल्द दुकान शिफ्ट नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी भी दी है।
शहर के स्टेशन रोड स्थित सांई राम कॉलोनी सेमरा गेट मुख्य मार्ग पर शराब दुकान है। यह धार्मिक स्थल और स्कूल के नजदीक है। इस दुकान के सभी दस्तावेज चांदबड़ के नाम से हैं। बावजूद इसके यह सांई राम कॉलोनी में है। इन दुकानों से विजय नगर, सांई राम कॉलोनी, बाबू कॉलोनी, लक्ष्मीपुरी, सेमरा के हजारों लोग हर रोज परेशान हैं। कई बार शराबी गंदी हरकतें करते हैं। जिससे बच्चों और महिलाओं को परेशानी होती है। कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिलता है। मंगलवार को महिलाएं फिर से शिकायत लेकर कलेक्टोरेट पहुंची थीं।
बैरागढ़ को शराब दुकान से मुक्त करें
इधर, युवा सिंधी मंच के अध्यक्ष जयराम नंदवानी ने भी समाजजनों के साथ कलेक्टोरेट पहुंचकर शराब दुकान शिफ्ट करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि संत हिरदाराम नगर को शराब मुक्त किया जाए। यहां 3 दुकानें हैं, जो नगर निगम शॉपिंग कॉम्पलेक्स में एसबीआई के पास, डाकघर और निगम जोन ऑफिस के पास है। यहां पर हजारों लोगों का आना-जाना होता है, लेकिन वे शराबियों से खासे परेशान हैं।



