इंदौर

MP News: इंदौर में बीजेपी का स्थापना दिवस, ध्वजारोहण और मिठाई बांटकर मनाया गया उत्सव

रविवार सुबह इंदौर के जावरा कंपाउंड स्थित बीजेपी ऑफिस में पार्टी का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस विशेष अवसर पर पार्टी का ध्वजारोहण किया गया, और कार्यकर्ताओं के बीच मिठाई बांटी गई।

इंदौर के जावरा कंपाउंड स्थित बीजेपी ऑफिस में रविवार सुबह पार्टी का स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी का ध्वजारोहण किया गया और कार्यकर्ताओं को मिठाई बांटी गई। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि हमारी पार्टी की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी। हालांकि, 1951 में जब जनसंघ की स्थापना हुई, तब से ही हमारा दल लगातार आगे बढ़ रहा था। लेकिन हमारे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

इसके बाद जब हम दोबारा खड़े हुए, तो हमारे दूसरे राष्ट्रीय अध्यक्ष की भी रहस्यमय तरीके से हत्या कर दी गई। फिर तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा मीसा कानून लागू किया गया। इसके बावजूद हमारे संगठन के कार्यकर्ता डटे रहे। इसका मुख्य कारण यह है कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित दल है, जो कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करता है।

कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर सेल्फी साझा करें

नगर अध्यक्ष ने बताया कि, यह एकमात्र पार्टी है, जहां एक साधारण कार्यकर्ता प्रधानमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष तक बन सकता है और सभी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करता है। सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह है कि वे अपने घरों पर पार्टी का झंडा लगाकर सेल्फी सोशल मीडिया पर साझा करें।

पार्टी-संगठन को निरंतर आगे ले जाना है

प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती ने कहा कि हम सभी बहुत भाग्यशाली है कि हम दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल के सदस्य हैं। हमने 21 अक्टूबर 1951 जनसंघ से लेकर एक लंबी लड़ाई लड़ी है और आज हमारा दल एक बेहतर मुकाम पर है। हमें इसी तरह अपनी पार्टी और संगठन को निरंतर आगे लेकर जाना है।

समाज के अंतिम व्यक्ति के लिए कार्य कर रही है पार्टी

सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों पर आधारित अंत्योदय योजना शुरू की गई थी। आज केंद्र सरकार, राज्य सरकार और इंदौर नगर निगम मिलकर समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए काम कर रहे हैं। इसका परिणाम है कि पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 26 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं।

महापौर बोले- पार्टी देशभक्ति, प्रेम सिखाती है

सांसद, महापौर समेत कार्यक्रम में अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि लोग हमसे पूछते हैं कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी कैसे बन गई। इसका जवाब है, इस पार्टी से जो भी कार्यकर्ता एक बार जुड़ता है, वह कभी इसे छोड़ता नहीं है। और जो छोड़ देता है, वह किसी और से नहीं जुड़ पाता।

यह एकमात्र पार्टी है जो देशभक्ति सिखाती है, देश से प्रेम करना सिखाती है और हमारी संस्कृति, सनातन धर्म, भगवान राम व भगवान कृष्ण की बात करती है। आज हमारे लिए विशेष दिन है क्योंकि आज भाजपा का स्थापना दिवस और रामनवमी एक साथ है।

ये जनप्रतिनिधि हुए शामिल

नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, प्रवक्ता आलोक दुबे, नरेंद्र सलूजा, अंजू माखीजा, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, सूरज केरो, अक्षय कांती बम, सुधीर कोल्हे, भरत पारिख, वृंदा गौड़, मुद्रा शास्त्री, अनिल गौहर, अजय सिंह नरूका, रामदास गर्ग, रितेश तिवारी, नितिन द्विवेदी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

Show Comments (0)
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *