भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज राजधानी के न्यू मार्केट में आयोजित कार्यक्रम में व्यापारी भाइयों से मुलाकात की और जीएसटी सुधारों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। यह कार्यक्रम जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर द्वारा आयोजित किया गया था।
इस अवसर पर मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि:
“भारतीय जनता पार्टी बचत का नहीं, बल्कि जनता से लूट और झूठ का उत्सव मना रही है। कांग्रेस पार्टी हमेशा से एक ही दर, लगभग 18% का आसान, पारदर्शी और सरल जीएसटी चाहती थी। लेकिन भाजपा सरकार ने मल्टी-स्लैब जीएसटी लागू कर 5%, 12%, 18% और 28% जैसी जटिल दरें थोप दीं, जिससे आम जनता और व्यापारी वर्ग को भारी नुकसान झेलना पड़ा। आज उन्हीं सुधारों को उत्सव बताकर जनता को गुमराह किया जा रहा है।”
जीतू पटवारी ने यहां केंद्र सरकार को घेरते हुए बताया कि कांग्रेस पार्टी ने सदैव राहुल गांधी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पर दबाव बनाया कि जनता और व्यापारी हितों को देखते हुए जीएसटी को सरल और कम किया जाए। साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार से मांग की कि अब तक जनता से वसूली गई भारी-भरकम राशि वापस की जाए।
इस कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष भोपाल शहर प्रवीण सक्सेना, विधायक आतिफ अकील, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, प्रदेश कांग्रेस महासचिव संजीव सक्सेना, ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनोखी मानसिंह पटेल, अरुण श्रीवास्तव, मनोज शुक्ला, दीपचंद यादव, महेंद्र जोशी, सविस्ता आसिफ जकी, अमित शर्मा, राजकुमार सिंह, अभिषेक शर्मा, प्रवीण धौलपूरे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।