स्पैम कॉल की पहचान करने वाले लोकप्रिय ऐप Truecaller, Hiya और Whoscall अब जांच के दायरे में आ गए हैं। टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने इन ऐप्स के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए केंद्र सरकार से अनुमति मांगी है।

TRAI का आरोप है कि ये ऐप्स सरकार द्वारा आधिकारिक बिजनेस और सर्विस कॉल के लिए जारी 1400 और 1600 सीरीज के नंबरों को भी कई मामलों में स्पैम बताकर टैग कर देते हैं, जिससे जरूरी कॉल ब्लॉक होने या लोगों द्वारा नजरअंदाज किए जाने की समस्या पैदा हो रही है।
TRAI का कहना है कि गलत स्पैम टैगिंग की वजह से कई कंपनियां अब सामान्य 10 अंकों वाले मोबाइल नंबरों से कॉल करने लगी हैं, जिससे उपभोक्ताओं का भरोसा और कम हो रहा है।
हालांकि, TRAI सीधे इन ऐप्स पर कार्रवाई नहीं कर सकता क्योंकि उनका नियमन इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) और दूरसंचार विभाग (DoT) के दायरे में आता है। इसलिए TRAI ने आईटी नियमों के उल्लंघन की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, Truecaller ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि कंपनी भारतीय नियमों का पालन करती है और सरकारी 1400 व 1600 सीरीज के अधिकृत नंबरों को जानबूझकर स्पैम टैग या ऑटो-ब्लॉक नहीं करती। कंपनी का कहना है कि यदि किसी नंबर की आधिकारिक पहचान उपलब्ध होती है, तो उसे स्पैम के रूप में चिह्नित नहीं किया जाता।

फिलहाल Truecaller या अन्य ऐप्स पर बैन लगाने का कोई फैसला नहीं हुआ है। सरकार की यह कार्रवाई केवल नियमों के पालन और संभावित उल्लंघनों की जांच तक सीमित है। जांच में गड़बड़ी मिलने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

