धर्म

Ayodhya Ram Mandir: रामलला के दर्शन के लिए महत्वपूर्ण अपडेट, बढ़ती भीड़ के बीच ट्रस्ट ने बदला आरती का समय

Ayodhya Ram Mandir: दर्शनार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने रामलला की शृंगार आरती का समय बदलकर सुबह 5 बजे कर दिया है। अब शृंगार आरती के साथ ही मंदिर के कपाट खुल जाएंगे और बिड़ला धर्मशाला के सामने स्थित रामजन्मभूमि पथ से श्रद्धालुओं का प्रवेश शुरू हो जाएगा। इस बदलाव से श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए एक घंटा अतिरिक्त समय मिलेगा।
रामलला के दर्शन और आरती के समय में बदलाव

राम मंदिर में दर्शनार्थियों की संख्या में प्रतिदिन वृद्धि को देखते हुए श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने रामलला की श्रृंगार आरती का समय परिवर्तित कर दिया है। अब श्रृंगार आरती सुबह पांच बजे होगी। इसी के साथ मंदिर खुल जाएगा और बिड़ला धर्मशाला के सामने स्थित रामजन्मभूमि पथ से श्रद्धालुओं का प्रवेश प्रारंभ करा दिया जाएगा। मंगला आरती के पासधारक श्रृंगार आरती में भी सम्मिलित हो सकेंगे। शयन आरती एवं दर्शन की समय सारिणी पूर्ववत ही है।

इससे पहले भी समय में हुआ था बदलाव

ट्रस्ट ने कुछ दिनों पूर्व भी आरती के समय में बदलाव किया था। उसके बाद से मंगला आरती प्रात: साढ़े चार बजे के स्थान पर चार बजे और श्रृंगार आरती साढ़े छह बजे के स्थान पर छह बजे संपन्न होने लगी थी। इसी के साथ दर्शन प्रारंभ हो जा रहा था।

भीड़ को देखते हुए ट्रस्ट ने आरती और शृंगार का बदला समय

अब श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए फिर ट्रस्ट ने शृंगार आरती का समय बदलते हुए सुबह पांच बजे कर दिया है। ट्रस्टी डॉ. अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि अग्रिम आदेश तक मंगला व श्रृंगार आरती का समय क्रमश: चार बजे व पांच बजे रहेगा।

यदि कोई पासधारक श्रद्धालु कतिपय कारणों से मंगला आरती में नहीं पहुंच पा रहा है तो वह श्रृंगार आरती में सम्मिलित हो सकता है। शयन आरती व दर्शन अवधि को पूर्ववत रखा गया है। शयन आरती रात्रि दस बजे होगी। इसके उपरांत मंदिर का पट कर दिया जाएगा।

दर्शन आरती चार्ट-

  • प्रात: 4 बजे : मंगला आरती के बाद पटबंद
  • प्रात: 5 बजे : श्रृंगार आरती
  • प्रात: 5 बजे : बिड़ला धर्मशाला के सामने से दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का प्रवेश प्रारंभ
  • दोपहर 12 बजे : भोग आरती
  • सायं 7 बजे : संध्या आरती (15 मिनट के लिए पट बंद रहेगा)
  • रात्रि 10 बजे : शयन आरती (आरती के बाद पट बंद)

भोग के समय भी दर्शन कर रहे श्रद्धालु

शृंगार आरती मंदिर के महत्वपूर्ण अनुष्ठानों में से एक है, जिसमें प्रभु श्री राम को तैयार क‍िया जाता है। वहीं राजभोग अनुष्ठान दोपहर 12 बजे क‍िया जाता है। इसके बाद मंद‍िर काे बंद नहीं क‍िया जा रहा है। इस दौरान भी श्रद्धालु दर्शन कर पा रहे हैं। मंदिर में भोग के समय भी श्रद्धालुओं को दर्शन का अवसर म‍िल रहा है।

Show Comments (0)
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *