मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के एक उपभोक्ता को बीती रात करीब पौने बारह बजे एक ईमेल पहुंचा। इसमें उपभोक्ता के विवरण के साथ ही बैंक की डिटेल दी गई, बिल राशि जमा करने को कहा गया। फर्जी रूप से लेखाधिकारी का नाम भी लिखा गया, ताकि जाने अनजाने में उपभोक्ता इसे सही समझे एवं भुगतान करे।
पश्चिम क्षेत्र कंपनी के उपभोक्ता अंतर सिंह ने सजगता दिखाते हुए ई-मेल का कोई जवाब नहीं दिया। ई-मेल की पुष्टि के लिए उच्च दाब बिलिंग डिपार्टमेंट में संपर्क किया गया। इस पर यह जानकारी पुख्ता हो गई कि किसी ने फर्जी ई-मेल किया है। बिजली कंपनी के उच्च अधिकारियों ने इंदौर पुलिस की साइबर शाखा में फर्जी ई-मेल को लेकर शिकायत की है।
इस घटना के बाद बिजली कंपनी ने एक बार फिर सभी उपभोक्ताओं को सजग करते हुए किसी अनजाने मोबाइल नंबर, अनजाने ई मेल को नजर अंदाज करने की अपील की है। बिजली कंपनी ने कहा कि हम केवल उपभोक्ताओं को जागरूकता के लिए और बिल भुगतान करने के लिए फोन करते हैं, लेकिन बिल राशि किसी नंबर विशेष पर जमा करने का कभी नहीं कहते हैं। बिजली बिल राशि सदैव ऑन लाइन तरीके से पेटीएम, फोन पे, गूगल पे, बिजली कंपनी के खाते में आरटीजीएस, चेक या फिर अधिकृत बिल काउंटर पर ही जमा होती है। हर भुगतान की रसीद प्राप्त होती है।
पश्चिम क्षेत्र विद्य़ुत कंपनी में स्मार्ट मीटर स्थापना दस लाख पार
शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली स्मार्ट मीटर परियोजना का पश्चिम क्षेत्र कंपनी गंभीरता से संचालन कर रही हैं। कंपनी क्षेत्र में 10 लाख से ज्यादा अत्याधुनिक स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। मप्र के ऊर्जामंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस उपलब्धि पर पश्चिम क्षेत्र के उपभोक्ताओं, कर्मचारियों, अधिकारियों को बधाई दी है। पश्चिम क्षेत्र में महू, खरगोन, थांदला, झाबुआ पूर्ण स्मार्ट मीटरीकृत हो चुके हैं। वहीं शाजापुर, रतलाम शहर में 90 प्रतिशत स्मार्ट मीटरी-करण होने को हैं। इंदौर महानगर में साढ़े चार लाख से ज्यादा स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं।
बिजली कंपनी के नए प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने पदभार संभाला
भारतीय प्रशासनिक सेवा के वर्ष 2013 बैच के अधिकारी अनूप कुमार सिंह ने मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति, उपभोक्ता सेवाओं का समय पर संचालन, शासन की योजनाओं का हर पात्र को लाभ देने, समय पर विभागीय कार्यों, गतिविधियों के संचालन पर फोकस रखने, सिंहस्थ से जुड़े विद्युत संबंधी कार्यों को कराने की प्राथमिकताएं बताई। नए प्रबंध निदेशक ने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और शासन, कंपनी हित में श्रेष्ठ कार्य का आह्वान किया।
यह भी पढ़े : इंदौर एयरपोर्ट सुविधाओं में देश में दूसरे स्थान पर, कई बड़े एयरपोर्ट को पीछे छोड़ा

