इंदौर के होल्कर स्टेडियम को एक बार फिर से धमकी भरा ईमेल मिला है, जिसमें स्टेडियम में बम प्लांट करने की बात कही गई। धमकी में दावा किया गया कि जल्द ही एक बड़ा धमाका होगा। इस सूचना के बाद एमपीसीए प्रशासन ने तुरंत पुलिस को अलर्ट किया। बम स्क्वॉड और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सघन जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
धमकी देने वाले का दावा: “बम प्लांट हो चुका है”
तुकोगंज थाना प्रभारी जितेंद्र यादव ने बताया कि सोमवार सुबह उन्हें एमपीसीए की तरफ से कॉल मिला, जिसमें बताया गया कि उन्हें ऑफिशियल मेल आईडी पर एक और धमकी भरा मेल मिला है। मेल में लिखा था कि स्टेडियम में बम लगाया गया है, जो जल्द ही फटेगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों और बम स्क्वॉड की टीम ने तुरंत होल्कर स्टेडियम पहुंचकर जांच शुरू की, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
पहले भी मिल चुकी है धमकी, 4 दिन में दूसरी घटना

यह चार दिन में दूसरी बार है जब MPCA को ऐसी धमकी मिली है। 9 मई को भी एक मेल में स्टेडियम में बम विस्फोट की चेतावनी दी गई थी। साथ ही लिखा गया था कि “पाकिस्तान से पंगा मत लो”, और “पाकिस्तान के स्लीपर सेल देशभर में हैं।” उस वक्त भी थाना तुकोगंज में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन जांच के दौरान कोई बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
बॉम्बे अस्पताल और बैंक को भी मिल चुकी है धमकी
इसी तरह की धमकी शनिवार को इंदौर के बॉम्बे अस्पताल को भी मिली थी। प्रशासनिक अधिकारी पाराशर ने लसूडिया पुलिस को मेल की जानकारी दी, जिसके बाद डीसीपी अभिनव विश्वकर्मा ने वहां जांच कराई। वहां भी कुछ नहीं मिला। इससे पहले पंजाब नेशनल बैंक को भी ऐसा मेल मिल चुका है।
जांच में जुटी क्राइम ब्रांच
इन सभी धमकी भरे मेल्स को लेकर क्राइम ब्रांच और साइबर सेल की टीमें सक्रिय हो गई हैं। मेल भेजने वाले की लोकेशन और पहचान का पता लगाने के लिए टेक्निकल विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस ने सभी संस्थानों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

