भोपाल में पहली बार 24-25 फरवरी को मानव संग्रहालय में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट हो रही है। इसमें देश के शीर्ष उद्योगपति अंबानी, अडाणी, महिंद्रा, टाटा, बिड़ला समेत 30 हजार से अधिक देश-विदेश के बिजनेस लीडर्स शामिल होंगे। साथ ही, जापान, स्पेन, हॉन्गकॉन्ग और अन्य देशों से विदेशी निवेशक भी आएंगे।
मेहमानों के स्वागत के लिए एमपी टूरिज्म बोर्ड ने एक अनोखा मेन्यू फाइनल किया है। ताकि विदेशी और भारतीय मेहमानों को मध्यप्रदेश के स्वादिष्ट पारंपरिक व्यंजन परोसे जा सकें। मेन्यू में बिहारी फूड लिट्टी-चोखा और पंजाबी तड़का भी शामिल हैं।
23 फरवरी को होटल ताज में वीवीआईपी डिनर
समिट में शामिल होने वाले कई उद्योगपति एक दिन पहले यानी 23 फरवरी को ही भोपाल आ जाएंगे। यहां वीवीआईपी डिनर रखा गया है, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ करीब 250 उद्योगपति शामिल होंगे।
24 और 25 फरवरी को मानव संग्रहालय में लंच होगा जबकि 24 फरवरी का गाला डिनर भी यहीं रखा गया है। 25 फरवरी को यदि उद्योगपति भोपाल में रुकते हैं तो वे संबंधित होटल में ही डिनर करेंगे। गाला डिनर में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
जीआईएस के मेन्यू में एमपी का टेस्ट
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए ऐसा मेन्यू तैयार किया गया है, जिससे मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक और खानपान विरासत की ब्रांडिंग भी हो। मेन्यू को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की खास डिशेज के आधार पर तैयार किया गया है। जैसे- मालवा का दाल बाफला, निमाड़ का दाल-पानिया समेत बुंदेलखंड और बघेलखंड की पारंपरिक और लोकप्रिय डिशेज भी शामिल हैं।

5 तरह की चाट और 15 स्वीट्स
मेन्यू में 5 तरह की चाट शामिल की गई है। हींग, आलू और प्याज की कचोरी खाने को मिलेगी। मशरूम और ब्रोकली की खिचड़ी समेत आलू, गोभी, मूली और पनीर के पराठे भी परोसे जाएंगे। 15 तरह के स्वीट्स भी रहेंगे। इनमें सबसे खास माल पुआ, जलेबी-रबड़ी, मलाई सैंडविच, कुदकी की शुगर फ्री खीर सबसे खास है।
एमपी के साथ अन्य स्टेट की भी ब्रांडिंग
मेहमानों के लिए मध्यप्रदेश के अलावा बिहार, राजस्थान, पंजाब और साउथ इंडियन स्टेट्स की डिशेज की ब्रांडिंग भी की जाएगी। पंजाबी तड़का में अमृतसर का पनीर, दाल ढाबा, मैथी मटर मलाई शामिल हैं।
मेहमानों के लिए बनने वाले 70 से अधिक व्यंजन में इंडियन, कॉन्टिनेंटल और चाइनीज जैसे इंटरनेशनल फूड भी रहेंगे। इंटरनेशनल फूड में वाइल्ड बेरी चीज केक, थाई और चाइनीज फूड शामिल हैं। थाई करी खास रहेगी। वहीं, जैसमिन राइस भी रहेगा।

मोटे अनाज का उपयोग ज्यादा
मेन्यू में मोटे अनाज से बने व्यंजन भी शामिल हैं। सरसो का साग, मक्का की रोटी के साथ परोसा जाएगा। बाजरा, कोदो और ज्वार की गरमा-गरम रोटी भी मेहमानों को खाने को मिलेगी। खास बात ये है कि ये रोटियां अंगार पर ही बनाई जाएगी।
खास मसाले भी होंगे इस्तेमाल
समिट के मेन्यू को खास बनाने के लिए कई मसाले और सामग्री मुंबई और पुणे से मंगाए जाएंगे। कुछ डिशेज में स्नोपी और बूसल स्प्राउट्स जैसे खास इंग्रीडिएंट्स का उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा, इंटरनेशनल फूड्स के लिए कुछ आवश्यक सामग्री और मसाले विदेशों से भी आयात किए जा सकते हैं।
समिट में शामिल होंगे देश-विदेश के बड़े उद्योगपति
समिट में देश के दिग्गज उद्योगपति आएंगे। इनमें अंबानी, अडानी, बिड़ला, महिंद्रा ग्रुप भी शामिल हैं। वहीं, देश के शीर्ष उद्योगपति एन. चंद्रशेखरन, नोएल एन. टाटा, जमशेद एन. गोदरेज, संजीव पुरी, संजीव बजाज, सतीश रेड्डी, नादिर गोदरेज, पवन मुंजाल, एसएन सुब्रह्मण्यम, रिशद प्रेमजी, अजीम प्रेमजी, सलिल एस. पारेख, दिलीप संघवी, वेणु श्रीनिवासन, सुनील भारती मित्तल, बाबा एन. कल्याणी और उदय कोटक जैसे नाम भी शामिल हैं।
इसके अलावा, कई विदेशी मेहमान भी भोपाल पहुंचेंगे। इनमें से कई 23 फरवरी को ही आ जाएंगे, जिनके स्वागत के लिए खास तैयारियां की जा रही हैं। सीएम डॉ. मोहन यादव 23 फरवरी की रात इन मेहमानों के साथ डिनर करेंगे, जबकि 24 और 25 फरवरी को लंच और डिनर का आयोजन होगा।

